अमेरिका की प्रमुख कंपनियों के कंप्यूटर नेटवर्क हैक करने के लिए दो रूसियों को 12 साल और चार साल कैद की सजा सुनाई गई है। न्यू जर्सी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी (डीए) के कार्यालय ने यह बात कही। व्लादिमीर ड्रिंकमैन (37), दमित्रि स्मिलानेट्स (34) हैकर्स के एक नेटवर्क के सदस्य थे, जिन्होंने अमेरिका के सबसे बड़े साइबर अपराध में लाखों डॉलर जुटाए थे।
‘एफे’ के अनुसार, इन दोनों को 28 जून 2012 को नीदरलैंड्स से गिरफ्तार किया गया था और बाद में उन्हें अपने खिलाफ लगे आपराधिक आरोपों का सामना करने के लिए अमेरिका को प्रत्यर्पित किया गया। डीए कार्यालय ने बुधवार को कहा कि इस गिरोह की केयरफोर, नैस्डैक, डाव जोन्स और जेटब्लूवे एयरवेज के डेटाबेस से जुड़े 16 करोड़ क्रेडिट कार्ड नंबर तक पहुंच हासिल थी।
दोनों को अवैध रूप से कंप्यूटर तक पहुंचने और वायर धोखाधड़ी के लिए षड्यंत्र रचने के आरोप में दोषी ठहराया गया है। ड्रिंकमैन को 12 साल की कैद और दमित्रि को चार साल चार महीने की सजा सुनाई गई है, जो वह दोष साबित होने से पहले ही काट चुका है। गिरोह के अन्य शेष सदस्यों में से कुछ दूसरे अमेरिकी राज्यों में आरोपों का सामना कर रहे हैं, जबकि तीन अभी भी फरार हैं।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



