अमेरिका ने ईरान के टैंकर आद्रियान दरिया को यह कहते हुए काली सूची में डाल दिया कि उसके पास ‘विश्वसनीय जानकारी’ है कि टैंकर के जरिये बशर अल-असद के शासन पर व्यापक प्रतिबंधों की अवहेलना कर तेल सीरिया भेजा जा रहा था। इससे पहले ग्रेस-1 के नाम से जाने वाले इस टैंकर को ब्रिटिश शाही नौसैनिकों ने जुलाई में जब्त करके छह सप्ताह तक इस संदेह में जिब्राल्टर में रखा कि इस जरिये तेहरान के सहयोगी दमिश्क को तेल भेजा जा रहा था।
ब्रिटेन ने अमेरिका के विरोध के बावजूद जहाज को छोड़ दिया। ब्रिटेन ने बताया कि उसे ईरान की ओर से लिखित आश्वासन मिला कि टैंकर उन देशों में नहीं जाएगा, जिनपर यूरोपीय यूनियन ने प्रतिबंध लगा रखे हैं। इसके बाद ईरान ने इस बात से इनकार किया कि उसने ऐसा कोई वादा किया था।
अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि हमारे पास विश्वसनीय सूचना है कि टैंकर सीरिया के तरतुस की ओर जा रहा है। अमेरिका के वित्त मंत्रालय ने कहा कि यह जहाज आतंकवाद रोधी आदेश के तहत ‘प्रतिबंधित संपत्ति’ है और ‘जो कोई भी आद्रियान दरिया-1 को समर्थन मुहैया कराएगा, उसपर भी प्रतिबंधों का खतरा रहेगा।’


Download Android App
Download iOS App



