अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच तनातनी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। अमरीकी रक्षा मंत्री जेम्स मैटिस ने उत्तर कोरिया को चेतावनी देते हुए कहा कि नॉर्थ कोरिया द्वारा अमरीका या उसके सहयोगियों पर किसी भी संभावित परमाणु हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा और उसे ‘व्यापक सैन्य कार्रवाई’ से असफल कर दिया जाएगा।
बता दे कि दक्षिण कोरिया दौरे पर आए मैटिस ने अपने समकक्ष सॉन्ग यॉन्ग-मू के साथ सियोल में बातचीत के ठीक बाद उत्तर कोरिया को उसके ‘अनावश्यक’ परमाणु एवं मिसाइल कार्यक्रमों को लेकर चेताया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि उत्तर कोरिया की सेना हमारे सहयोगी देशों के संयुक्त सेना के आगे पस्त हो जाएगी।
मैटिस ने उत्तर कोरिया से चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अमेरिका या उसके सहयोगियों पर किसी भी तरह के हमले की गलती ना करे, पराजय का सामना करना पड़ेगा। बकौल मैटिस, किसी भी परमाणु हथियार के इस्तेमाल पर एक व्यापक सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
आपको बता दे कि नॉर्थ कोरिया भी अमेरिका समेत पूरी दुनिया को परमाणु हथियारों का भय दिखा रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक अगर नॉर्थ कोरिया से युद्ध छिड़ता है तो परमाणु हथियारों के इस्तेमाल नहीं होने की स्थिति में भी लाखों लोग मारे जाएंगे। स्थिति इतनी भयावह हो जाएगी कि पहले ही दिन 3 लाख लोग मारे जा सकते हैं।
अमेरिकी कांग्रेस के थिंक टैंक कांग्रेसनल रिसर्च सर्विस की एक रिपोर्ट के हवाले से ब्लूमबर्ग ने नुकसान का आकलन किया है। 62 पन्नों की यह रिपोर्ट अमेरिकी सांसदों को भेजी गई है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, अगर युद्ध भड़का तो कोरियाई प्रायद्वीप के आबादी घनत्व के हिसाब से 2.5 करोड़ से अधिक लोग प्रभावित होंगे। इनमें एक लाख के करीब अमेरिकी नागरिक भी होंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक अगर नॉर्थ कोरिया अपने पारंपरिक हथियारों का ही इस्तेमाल करे तो पहले दिन ही 30 हजार से 3 लाख लोग तक मारे जाएंगे। रिपोर्ट में बताया गया है कि नॉर्थ कोरिया के पास 10 हजार राउंड प्रति सेकंड की रफ्तार से फायरिंग की क्षमता है। यह भी बताया गया है कि एक बार जंग का ऐलान होने के बाद यह तेजी से फैल कर चीन, जापान और रूस की भी सेनाओं को इसमें शामिल कर सकता है।


Download Android App
Download iOS App



