बांग्लादेश में फिर तख्तापलट की आहट! कई शहरों में हिंसा और बम धमाके, जानें क्यों फूंका मोहम्मद यूनुस का घर?

Summary :

बांग्लादेश में शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के लॉकडाउन के ऐलान से पहले 28 जिलों में हिंसा भड़क उठी। ढाका में बम धमाके हुए और कई जगह आगजनी की गई। मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर को भी निशाना बनाया गया। पुलिस ने 565 लोगों को गिरफ्तार किया है।

बांग्लादेश में एक बार फिर तख्तापलट की आहट सुनाई दे  रही है। दरअसल, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के लॉकडाउन के ऐलान के बाद कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन, बम धमाके और आगजनी जैसे हालात देखे गए। राजधानी ढाका से लेकर दूसरे जिलों तक भारी हिंसा की खबरें सामने आई। वहीं, इस बीच मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर और कई राजनीतिक नेताओं के आवासों को भी निशाना बनाया गया है। बिगड़ते हालात के बीच सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है और पुलिस ने बड़ी संख्या में लोगों को गिरफ्तार किया है।

28 जिलों में हिंसक घटनाएं, कई लोगों की मौत

  • मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस बीच  बांग्लादेश के 64 प्रशासनिक जिलों में से 28 में हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं।
  • राजधानी ढाका में कई देसी बम फटे, जबकि अलग-अलग जगहों पर गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया।  इन धमाकों में कम से कम 4 लोग घायल हुए हैं।
  • वहीं, सिलहट, राजशाही, बारीसाल और फरीदपुर में ग्रामीण बैंक  को निशाना बनाया गया। वहीं, चटगांव के पांचलाइस इलाके में अज्ञात लोगों ने मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी।
  • ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर भी हमले हुए। इन घटनाओं के पीछे BNP कार्यकर्ताओं का हाथ होने का आरोप है।
  • पश्चिमी नराइल में BNP के मार्च के दौरान हुई झड़प में अवामी लीग के दो स्थानीय नेताओं की मौत हो गई। इसके अलावा फरीदपुर और पिरोजपुर में एक BNP नेता और एक परिवहन कर्मचारी की जान चली गई।

    क्यों किया गया लॉकडाउन का ये ऐलान?

  • बता दें, कि अवामी लीग ने लॉकडाउन का ये ऐलान शेख हसीना को सुनाई गई मौत की सजा की बरसी के मौके पर किया है। पिछले साल एक स्पेशल ट्रिब्यूनल ने मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उन्हें उनकी गैरमौजूदगी में यह सजा सुनाई थी।
  • गौरतलब है कि 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद वह बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। हाल ही में उन्होंने दिसंबर में अपने देश लौटने की घोषणा की थी।
  • इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। मंगलवार को उनके गृह क्षेत्र तुंगीपारा में करीब 30 संदिग्ध समर्थकों की गिरफ्तारी के विरोध में सैकड़ों लोग पुलिस स्टेशन पहुंच गए। भीड़ के बढ़ते दबाव के चलते पुलिस को थाना खाली करना पड़ा।

प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने दी राजनीतिक चुनौती

  • प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग को आतंकवादी संगठन और पराजित फासीवादी ताकत करार दिया है। बुधवार रात उन्होंने लोकतांत्रिक दलों से एकजुट होकर उसका मुकाबला करने की अपील की।
  • संसद में अपने संबोधन के दौरान रहमान ने 2024 के आंदोलन का जिक्र किया। उन्होंने सांसदों से केवल सरकारी व्यवस्था पर निर्भर रहने के बजाय जनता के बीच सक्रिय रहने को कहा।
  • हिंसा रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। गोपालगंज समेत संवेदनशील इलाकों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के हजारों जवान तैनात किए गए हैं।
  • वहीं, ढाका पुलिस ने 24 घंटे के अभियान में 565 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रहे नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं।
  • गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि ऑडियो और वीडियो सबूतों के आधार पर हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

बीते दिनों शेख हसीना ने किया था बांग्लादेश लौटने का ऐलान

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश वापस लौटने और एक बार फिर राजनीति में सक्रिय होने की इच्छा जताई है। उनका कहना है कि अगर वहां की जनता उन्हें दोबारा सरकार चलाने की जिम्मेदारी देती है, तो वह प्रधानमंत्री पद संभालने के लिए तैयार हैं। मीडिया को दिए गए एक  इंटरव्यू में शेख हसीना ने दावा किया कि वह दिसंबर 2026 में बांग्लादेश वापस लौटेंगी। उन्होंने अपने देश लौटने की योजना को लेकर भरोसा जताया और कहा कि वह फिर से राजनीतिक भूमिका निभाना चाहती हैं। इंटरव्यू के दौरान शेख हसीना ने कहा कि उन्हें बांग्लादेश लौटने पर गिरफ्तारी, जेल या मौत की सजा मिलने का कोई डर नहीं है। उन्होंने साफ किया कि इन संभावित मुश्किलों के बावजूद वह अपने देश वापस आने के फैसले पर कायम हैं।

बता दें कि 2024 में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनी थी। इस दौरान अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया। इसी दौर में शेख मुजीबुर रहमान के धानमंडी स्थित आवास और 1971 के मुक्ति संग्राम से जुड़े स्मारकों को भी नुकसान पहुंचाया गया था।

यह भी पढ़ें: शी जिनपिंग का दावा,’एशिया-प्रशांत क्षेत्र में आर्थिक सहयोग का अगुआ है चीन’

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।