फेसबुक ने सोमवार को कहा कि उसने अपने प्लेटफॉर्म पर करीब 30 अकाउंट और तस्वीरें साझा करने वाली साइट इंस्टाग्राम पर 85 खातों को अमेरिका में मध्यावधि चुनाव में हस्तक्षेप की आशंका और उनके तार विदेशी संस्थाओं से जुड़े होने की चिंताओं के बीच ब्लॉक कर दिया है।
फेसबुक की इस घोषणा से कुछ ही समय पहले अमेरिकी कानून प्रवर्तन और खुफिया एजेंसियों ने कहा था कि उन्हें चुनावी ढांचे को नुकसान पहुंचाने की कोशिशों के कोई संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन अमेरिकियों को फर्जी खबरें प्रसारित करने की रूसी कोशिशों के प्रति चौकन्ना रहना चाहिए।
पिछले सप्ताह प्रकाशित एक अध्ययन में पता चला कि सोशल मीडिया पर 2016 के राष्ट्रपति चुनावों से पहले की तुलना में अधिक तेजी से भ्रामक सूचनाएं फैल रही हैं। 2016 के राष्ट्रपति चुनावों के दौरान रूस पर डोनाल्ड ट्रंप के पक्ष में व्यापक दुष्प्रचार अभियान चलाकर हस्तक्षेप करने का आरोप लगा था।
फेसबुक’ पर PM मोदी-ईरानी की तस्वीरों वाली विवादित पोस्ट, FIR दर्ज
फेसबुक ने एक ब्लॉग पोस्ट में लिखा, ”रविवार शाम को अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसी ने हमसे उस ऑनलाइन गतिविधि के बारे में संपर्क किया जिसके बारे में हाल ही में पता चला था और जो उन्हें लगता है कि विदेशी संस्थाओं से जुड़ी हो सकती है।”
उसने कहा, ‘‘हमने अपनी बहुत ही शुरूआती जांच में अब तक करीब 30 फेसबुक अकाउंट और 85 इंस्टाग्राम अकाउंट ऐसे पाये हैं जो समन्वित अप्रामाणिक रवैये में लिप्त हो सकते हैं।” फेसबुक के मुताबिक, ”हमने तत्काल इन खातों को ब्लॉक कर दिया और विस्तार से इनकी जांच कर रहे हैं।” उसने बताया कि इन अकाउंट से जुड़े सभी फेसबुक पेज फ्रेंच या रूसी भाषाओं के लगते हैं। फेसबुक के अनुसार, इंस्टाग्राम के ब्लॉक किये गये अधिकतर अकाउंट अंग्रेजी में हैं।


Download Android App
Download iOS App



