इस्लामाबाद : पाकिस्तान ने गुरुवार को कहा कि कश्मीर में विदेशी दूतों की कोई भी यात्रा बिना किसी रोक के होनी चाहिए और राजनयिकों को हुर्रियत नेतृत्व से मिलने की अनुमति दी जानी चाहिए। पांच अगस्त के बाद विदेशी राजनयिकों की इस तरह की पहली यात्रा के तहत अमेरिका सहित 15 देशों के दूतों ने गुरुवार को कश्मीर घाटी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने चुनिंदा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, नागरिक संस्थाओं के सदस्यों, शीर्ष सैन्य अधिकारियों से मुलाकात की।
पाकिस्तान विदेश कार्यालय की प्रवक्ता आइशा फारूकी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि यात्रा भारत सरकार द्वारा बिना किसी रोक के होगी ताकि सभी क्षेत्रों तक दूतों की पहुंच हो सके।’’ उन्होंने मीडिया से कहा कि उन दूतों को हुर्रियत नेतृत्व और कश्मीरी लोगों के साथ भयमुक्त वातावरण में बातचीत करने की अनुमति दी जा सकती है। उन्होंने देश में अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न और गुरुद्वारा ननकाना साहिब में बेअदबी की खबरों को भी खारिज कर दिया और उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ अभियान का हिस्सा बताया।


Download Android App
Download iOS App


