भारत के विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने मंगलवार को श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे से मुलाकात की तथा सभी स्तरों पर समग्र द्विपक्षीय साझेदारी को आगे बढ़ाने के तौर-तरीकों पर चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने दोनों देशों के बीच मित्रता और सहयोग के मजबूत संबंधों पर बल दिया।
व्यापक साझेदारी को आगे बढ़ाने के तौर-तरीकों पर हुई चर्चा
श्रृंगला भारत और श्रीलंका के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा के लिए चार दिवसीय यात्रा पर यहां आए हैं। उनकी यात्रा शनिवार को शुरू हुई।भारतीय उच्चायोग ने यहां एक ट्वीट में कहा, “विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने आज राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे से मुलाकात की।” उच्चायोग ने कहा, “उन्होंने भारत और श्रीलंका के बीच मित्रता और सहयोग के मजबूत संबंधों पर जोर दिया और सभी स्तरों पर इस व्यापक साझेदारी को आगे बढ़ाने के तौर-तरीकों पर चर्चा की।”यह मुलाकात राष्ट्रपति राजपक्षे के अमेरिका से लौटने के एक दिन बाद हुई। राजपक्षे संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में भाग लेने के लिए न्यूयॉर्क गए थे।

हर्षवर्धन श्रृंगला ने भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों से की बातचीत
विदेश सचिव ने यहां भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों से भी बातचीत की। उच्चायोग ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “उच्चायोग टीम उनके प्रोत्साहन और समर्थन के लिए वास्तव में आभारी है।’’इससे पहले सोमवार को श्रृंगला ने श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे से मुलाकात की और उनसे बहुआयामी द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने के संबंध में ‘सकारात्मक वार्ता’ की।


Download Android App
Download iOS App



