लेबनान के शक्तिशाली शिया संगठन हिज़्बुल्लाह के टेलीविजन स्टेशन ने उसके अधिकतर ट्विटर अकाउंट पर रोक लगाए जाने का शनिवार को विरोध किया। अल-मनार ने अमेरिका स्थिति सोशल मीडिया मंच पर “राजनीतिक दबाव” में आने का आरोप लगाया। अलमनारन्यूज नाम के अरबी भाषा के ट्विटर अकाउंट ने शनिवार देर रात लिखा, “अकाउंट पर रोक लगा दी गई है।”
इस बीच, ट्विटर के प्रवक्ता ने ‘एएफपी’ से कहा, “ट्विटर पर गैरकानूनी आतंकवादी संगठनों और हिंसक चरमपंथी समूहों के लिए कोई जगह नहीं है।” अंग्रेजी, फ्रेंच और स्पैनिश भाषा के खाते भी उपलब्ध नहीं थे, लेकिन कुछ खास टेलीविजन शो के ट्विटर अकाउंट चालू प्रतीत हो रहे थे।
ईरान समर्थित ‘हिज़्बुल्लाह’ को अमेरिका एक ‘आतंकवादी’ समूह घोषित कर चुका है। इसके कई अधिकारियों पर अमेरिकी प्रतिबंध लगे हैं, लेकिन साथ ही यह लेबनान में भी राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माने जाने वाला संगठन है।


Download Android App
Download iOS App



