ट्रंप ने तेल तस्करी रोकने और हथियारों को नियंत्रित करने के इराकी प्रधानमंत्री के प्रयासों का समर्थन किया

Summary :

वाशिंगटन, 27 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को इराक के प्रधानमंत्री अली अल-जैदी के उन प्रयासों का समर्थन किया, जिनका मकसद तेल तस्करी पर रोक लगाना, भ्रष्टाचार से लड़ना और हथियारों को सरकार के नियंत्रण में लाना है। हालांकि, बगदाद सरकार के इन कदमों का कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार ने विरोध किया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर एक पोस्ट में जैदी के उस प्रयास का समर्थन किया, जिसके तहत सभी हथियारों को केवल राज्य के नियंत्रण में लाने की बात कही गई है। उन्होंने एक ‘एकजुट, समृद्ध और मजबूत इराक’ के विचार का भी…

वाशिंगटन, 27 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को इराक के प्रधानमंत्री अली अल-जैदी के उन प्रयासों का समर्थन किया, जिनका मकसद तेल तस्करी पर रोक लगाना, भ्रष्टाचार से लड़ना और हथियारों को सरकार के नियंत्रण में लाना है। हालांकि, बगदाद सरकार के इन कदमों का कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार ने विरोध किया है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर एक पोस्ट में जैदी के उस प्रयास का समर्थन किया, जिसके तहत सभी हथियारों को केवल राज्य के नियंत्रण में लाने की बात कही गई है। उन्होंने एक ‘एकजुट, समृद्ध और मजबूत इराक’ के विचार का भी समर्थन किया, जो अपने राजनीतिक फैसले खुद लेने में सक्षम हो।

इराकी समाचार आउटलेट ‘964मीडिया’ के अनुसार, ट्रंप का यह समर्थन ऐसे समय आया है जब जैदी ने तीन दिन पहले संघीय अधिकारियों को कुर्दिस्तान क्षेत्र के सीमा चौकियों पर नियंत्रण लेने का आदेश दिया था। साथ ही उन्होंने तेल निर्यात के लिए संघीय सरकार की मंजूरी को अनिवार्य बना दिया था।

ये कदम सरकारी कंपनी नॉर्थ ऑयल कंपनी में कथित तेल तस्करी की जांच के बाद उठाए गए। इसके अलावा संघीय तेल मंत्रालय को दियाला, किरकुक, सलाहुद्दीन और नीनवेह प्रांतों में उन तेल क्षेत्रों का प्रबंधन संभालने का निर्देश दिया गया, जो कुर्द सुरक्षा बलों के नियंत्रण में हैं।

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में इराकी सरकार को मजबूत बनाने और उसे स्वतंत्र राजनीतिक फैसले लेने में सक्षम बनाने के लिए जैदी के प्रयासों की सराहना की। वहीं, कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार का कहना है कि बगदाद के ये कदम इराक की संघीय व्यवस्था और क्षेत्र के संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करते हैं।

क्षेत्रीय प्रधानमंत्री मसरूर बरजानी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक के बाद जारी बयान में कुर्द प्रशासन ने किसी भी तरह की सैन्य धमकी को खारिज किया और कहा कि संघीय सरकार के साथ मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाया जाना चाहिए, हालांकि क्षेत्रीय सरकार ने कहा कि वह भ्रष्टाचार और अवैध व्यापार के खिलाफ कार्रवाई का समर्थन करती है और इस मामले में बगदाद के साथ सहयोग जारी रखेगी।

बयान में कहा गया, “हम पूरे इराक में भ्रष्टाचार और तेल तस्करी को पूरी तरह खत्म करने की मांग करते हैं।” साथ ही उसने दोहराया कि संवैधानिक जिम्मेदारियों को निभाने के साथ-साथ उसके संवैधानिक अधिकारों का सम्मान भी किया जाना चाहिए।

इस अभियान के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है। रिपोर्टों के मुताबिक, जैदी ने बॉर्डर पोर्ट्स अथॉरिटी के प्रमुख को पद से हटा दिया, नॉर्थ ऑयल कंपनी के महानिदेशक को निलंबित कर दिया और कई वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों को भी बर्खास्त किया।

यह विवाद सिर्फ हालिया तस्करी के आरोपों तक सीमित नहीं है। तेल उत्पादन, निर्यात और उससे होने वाली आमदनी के बंटवारे को लेकर बगदाद और कुर्द प्रशासन के बीच करीब दो दशकों से मतभेद बने हुए हैं।

कुर्द प्रशासन ने 2007 में बनाए गए अपने क्षेत्रीय तेल कानून के तहत विदेशी कंपनियों के साथ कई समझौते किए थे, लेकिन इराक की संघीय सर्वोच्च अदालत ने 2022 में उस कानून को असंवैधानिक करार दे दिया था।

जैदी का कहना है कि मौजूदा कदम संघीय सरकार की जिम्मेदारियों को लागू करने के लिए उठाए गए हैं। गुरुवार को यूरोपीय संघ के राजदूतों से मुलाकात के दौरान उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सीमा और तेल क्षेत्रों पर संघीय अधिकार लागू करेगी।

–आईएएनएस

एवाई/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.