विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह से मुलाकात की और दोनों नेता हनीमाधू अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा परियोजना के शिलान्यास समारोह में संयुक्त रूप से शामिल हुए।
जयशंकर मालदीव और श्रीलंका की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं।
जयशंकर ने समारोह में कहा कि हनीमाधू अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा विकास परियोजना की शुरुआत मजबूत भारत-मालदीव विकास साझेदारी में एक ‘‘ऐतिहासिक मील का पत्थर’’ है।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मालदीव के राष्ट्रपति सोलिह से मुलाकात कर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उन्हें व्यक्तिगत बधाई दी। हमारे द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति का आकलन किया गया, जिससे परिवर्तनकारी परियोजनाएं सामने आईं।’’
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘हनीमाधू अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा विकास परियोजना के शिलान्यास समारोह में राष्ट्रपति सोलिह, उनके मंत्रियों और स्थानीय नेताओं के साथ शामिल हुए।’’
जयशंकर ने कहा कि मालदीव के साथ भारत की साझेदारी एक दूसरे के कल्याण और हितों के लिए मिलकर काम करने के उद्देश्य पर आधारित है।


Download Android App
Download iOS App


