वारसा : भारत और पोलैंड आतंकवाद के सभी रूपों खासतौर से सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए बृहस्पतिवार को राजी हो गये। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने यहां पोलैंड के अपने समकक्ष के साथ रक्षा और अर्थव्यवस्था समेत कई मुद्दों पर चर्चा की।
रूस की दो दिन की यात्रा के बाद बुधवार को यहां पहुंचे जयशंकर और पोलैंड के विदेश मंत्री जाकेक सापुतोविक्ज ने गर्मजोशीपूर्ण माहौल में वार्ता की।
जयशंकर ने पोलैंड के विदेश मंत्री के साथ एक संयुक्त बयान में कहा, ‘‘मैंने हमारे देशों को द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और बहुपक्षीय महत्व के कई विषयों पर विदेश मंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की।’’
उन्होंने कहा कि दोनों देश वैश्विक मुद्दों पर सहयोग को और मजबूत करने तथा बहुपक्षीय संगठनों में और अधिक निकटता से सहयोग करने पर राजी हो गए। जयशंकर ने पोलैंड के प्रधानमंत्री और उप प्रधानमंत्री से भी मुलाकात की।


Download Android App
Download iOS App



