अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक स्कूल के पास शनिवार को भयंकर विस्फोट हुआ। विस्फोट में अब तक 50 लोगों की मौत और 100 अन्य घायल हुए है। अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। हमले की यूरोपीय संघ (ईयू) और अमेरिका ने तीखी निंदा की है।
ईयू के बाह्यू कार्रवाई सेवा के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘यूरोपीय संघ अफगानिस्तान में भयावह आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति दुख व्यक्त करता है।’’ बयान में कहा गया कि स्कूल में बच्चों पर हमला न केवल अफगान आबादी पर, बल्कि दुनिया भर में उन सभी पर हमला है जो महिलाओं और लड़कियों के समान अधिकारों का सम्मान करते हैं।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने अफगानिस्तान के स्कूल में बर्बर हमले की निंदा की तथा निर्दोष नागरिकों पर हमले और हिंसा को तत्काल समाप्त करने का आह्वान किया। मंत्रालय ने बम विस्फोट को अफगानिस्तान के भविष्य पर हमला करार दिया।काबुल में स्कूल पर हमले की किसी आतंकवादी समूह ने जिम्मेदारी नहीं ली है, हालांकि अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने तालिबान विद्रोहियों पर देश में हिंसा बढ़ने का आरोप लगाया।
शनिवार को हुए इस हमले पर अफगानिस्तान के आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता तारिक अरियान के मुताबिक, इस घटना का शिकार लगभग सभी नागरिक हुए हैं लेकिन घायलों में अधिकतर छात्राएं हैं। यह धमाका अफगान राजधानी के एक शिया-हजारा आबादी वाले इलाके के पास बने स्कूल दश्त-ए-बार्ची के पास शाम 4.27 बजे हुआ था। हमले के बाद क्षेत्र को पुलिस द्वारा ज्यादा जानकारी दिए बगैर ही क्षेत्र को बंद कर दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App


