Modi Trump Meeting 2026: फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित G-7 शिखर सम्मेलन के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच करीब 16 महीने बाद द्विपक्षीय बैठक हुई। इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने कई महत्वपूर्ण वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। बैठक का मुख्य फोकस समुद्री सुरक्षा, व्यापार, ऊर्जा सहयोग और वैश्विक चुनौतियों पर रहा। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा का विषय प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में समुद्री मार्गों पर काम करने वाले भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए समुद्री व्यापार और जहाजों की आवाजाही पर खतरे बढ़े हैं, जिससे कई देशों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि समुद्री रास्तों की सुरक्षा केवल किसी एक देश की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण विषय है। सुरक्षित समुद्री मार्ग वैश्विक व्यापार और आर्थिक स्थिरता के लिए जरूरी हैं।
Hormuz Strait Crisis: Strait of Hormuz पर जताई चिंता

प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक में होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को बताया कि यदि इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग में किसी तरह की बाधा आती है, तो इसका असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों की इस मामले में समान चिंता है। होर्मुज जलडमरूमध्य खुला रहना चाहिए ताकि तेल, गैस और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी रह सके। इससे वैश्विक बाजारों में स्थिरता बनी रहेगी और विभिन्न देशों को राहत मिलेगी।
G7 Summit 2026: G-7 सम्मेलन में भी उठाया पश्चिम एशिया का मुद्दा

इससे पहले मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी ने G-7 सम्मेलन में अपने संबोधन के दौरान पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति स्थापित करने के प्रयासों का भारत स्वागत करता है, लेकिन हाल के संघर्षों के कारण कई देशों को नुकसान उठाना पड़ा है।
उन्होंने बताया कि इस तनाव का असर समुद्री व्यापार पर भी पड़ा है। कई महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग प्रभावित हुए हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ा है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि इन घटनाओं में कुछ भारतीय नागरिकों की जान भी गई है, जो चिंता का विषय है।
India US Relations: ट्रंप ने की PM मोदी की तारीफ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई अवसरों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की। उन्होंने मोदी के नेतृत्व, लंबे राजनीतिक अनुभव और बड़े फैसले लेने की क्षमता की सराहना की। हाल ही में ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को लंबे समय तक देश का नेतृत्व करने के लिए बधाई भी दी थी। वे अक्सर भारत और अमेरिका के मजबूत संबंधों का जिक्र करते हैं और ह्यूस्टन में आयोजित प्रसिद्ध ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम को भी याद करते हैं।
व्यापार और ऊर्जा सहयोग पर भी चर्चा
मोदी और ट्रंप की इस मुलाकात में व्यापार समझौते, ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग, वीजा संबंधी मामलों और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों पर भी बातचीत हुई। दोनों देशों के अधिकारी इन विषयों पर सकारात्मक प्रगति की उम्मीद कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बैठक भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। साथ ही दोनों नेताओं के बीच बेहतर व्यक्तिगत संबंध भी दोनों देशों की साझेदारी को नई मजबूती देने में मदद करेंगे।


Download Android App
Download iOS App




