लाहौर के सर्विस अस्पताल में भर्ती पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के शरीर में ब्लड प्लेटलेट्स की संख्या काफी कम हो गई है और लगातार प्लेटलेट्स चढ़ाए जाने के बावजूद उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। नवाज शरीफ को तबीयत बिगड़ने के बाद सोमवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मंगलवार को हुई उनकी मेडिकल जांच की रिपोर्ट के मुताबिक उनके खून में प्लेटलेट्स की संख्या एक समय गिरकर महज 2000 रह गई थी। उन्हें जब अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तब उनके प्लेटलेट्स की संख्या 12 हजार थी और उसके बाद उन्हें कई मेगा यूनिट प्लेटलेट्स चढ़ाई गई हैं और मंगलवार शाम तक प्लेटलेट्स की संख्या बढ़कर 18 हजार हो गई। इसके बावजूद उनकी सेहत में खास सुधार नहीं हो रहा।

चिकित्सकों के अनुसार किसी स्वस्थ व्यक्ति के शरीर में ब्लड प्लेटलेट्स की संख्या 1,40,000 से 4,50,000 के बीच होनी चाहिए। अस्पताल के प्रधान प्रोफेसर डॉ. अयाज महमूद के नेतृत्व में चिकित्सकों का छह सदस्यीय बोर्ड नवाज शरीफ का इलाज कर रहा है। इस बोर्ड के एक सदस्य चिकित्सक ने बताया कि उनके प्लेटलेट्स की संख्या कम होने के कारणों की जांच की जा रही है। उनकी कई जांच की गई हैं लेकिन उनकी बीमारी का पता नहीं चल सका है। उनकी बीमारी का पता लगाने के लिए और जांच की जा रही हैं।
नवाज शरीफ की बिगड़ती हालत को देखते हुए पंजाब सरकार उनके निजी चिकित्सक डॉ. अदनान खान को मेडिकल बोर्ड में शामिल करने का निर्देश दे सकता है। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के अध्यक्ष एवं नवाज के भाई शाहबाज शरीफ ने मंगलवार शाम उनसे मुलाकात की। उनके अलावा पंजाब की स्वास्थ्य मंत्री यास्मीन राशिद ने भी अस्पताल में उनका हालचाल पूछा।


Download Android App
Download iOS App



