यरूशलम, 28 सितंबर (आईएएनएस)। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने वीकेंड पर चुपके से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की यात्रा की। इजरायली मीडिया ने इसकी पुष्टि की है, हालांकि खुद पीएम कार्यालय ने इसे लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।
सरकारी ‘कान टीवी न्यूज’ की रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू ने रविवार को संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की। उनकी बातचीत का मुख्य केंद्र ईरान था।
‘कान’ ने बताया कि नेतन्याहू एक निजी विमान से यूएई गए और दिन भर वहीं रहे। दोनों में से किसी भी सरकार की ओर से इस दौरे के बारे में तुरंत कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई।
इजरायल और यूएई ने 2020 में अमेरिका की मध्यस्थता वाले ‘अब्राहम समझौते’ के तहत राजनयिक संबंध स्थापित किए थे।
वहीं, द टाइम्स ऑफ इजरायल ने नेतन्याहू की यात्रा के बारे में जानकारी रखने वाले दो लोगों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कल (रविवार) यूएई के राष्ट्रपति के साथ एक घंटे तक बैठक की। इस यात्रा की खबर सबसे पहले इजरायल के चैनल 12 टीवी स्टेशन ने दी थी।
मीडिया आउटलेट ने इस सूत्र के हवाले से कहा कि बातचीत इस महीने की शुरुआत में इजरायली अखबार ‘हारेट्ज’ में छपी एक रिपोर्ट पर केंद्रित थी। रिपोर्ट में कहा गया था कि अमीराती नेता ने 7 अक्टूबर, 2023 को हमास द्वारा किए गए नरसंहार (जिसके कारण युद्ध शुरू हुआ) से ठीक पहले नेतन्याहू को हमास के खतरे से आगाह किया था।
बैठक के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी रखने का दावा करने वाले व्यक्ति के अनुसार, नेतन्याहू ने शेख मोहम्मद बिन जायद से उस रिपोर्ट का खंडन करने को कहा। नेतन्याहू के कार्यालय ने पहले ही ‘हारेट्ज’ की रिपोर्ट को खारिज कर दिया था।
दूसरी ओर यूएई के विदेश मंत्रालय ने बैठक के बारे में खबरों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। लेकिन मंत्रालय का कहना है कि वह इजरायल के साथ “खुला और सीधा संचार” बनाए रखता है और “सभी संबंधित खुफिया जानकारी” साझा करता है।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App


