रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने कहा कि वह उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षण की निंदा करते हैं लेकिन कोरियाई द्वीप में उत्पन्न संकट का समाधान बातचीत से निकालना जरूरी है। श्री पुतिन ने कल यहां एक समारोह में पत्रकारों से कहा ‘‘हम उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षण की निंदा करते हैं लेकिन इस संकट का समाधान बातचीत से होना आवश्यक है।
‘’उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया को अलग-थलग करना तथा उसके खिलाफ कार्रवाई करना उचित नहीं होगा। गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र की ओर से प्रतिबंध के बावजूद उत्तर कोरिया लगातार परमाणु परीक्षण कर रहा है और इस दौरान अमेरिका के साथ उनके संबंधों में काफी कड़वाहट आ गयी है।
रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सीरिया को आतंकवादियों से जल्द ही मुक्त करा लिया जाएगा।श्री पुतिन ने कल कहा कि सीरिया में शांति स्थापित करने की प्रक्रिया सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ रही है, हालांकि अभी भी इसमें कई समस्याएं हैं।
उन्होंने कहा कि सीरिया में शांति स्थापित करने के लिए वहां के सभी जातीय समूहों के प्रतिनिधियों को बातचीत की प्रक्रिया में शामिल किये जाने का प्रस्ताव है। गौरतलब है कि रूसी सेना ने हाल में कहा था कि सीरियाई क्षेत्र के आठ प्रतिशत से भी कम हिस्से पर ही आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) का नियंत्रण बचा है। सीरियाई सेना ने रूसी विमानों की मदद से देश के ज्यादातर भाग को आईएस के कब्जे से मुक्त करा
लिया है।


Download Android App
Download iOS App



