जम्मू एवं कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को हटाने और राज्य में पाबंदी लगाने के विरोध में लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग पर एक बार फिर पाकिस्तानी प्रदर्शनकारियों ने हमला किया और तोड़-फोड़ की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस ने घटना के संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक प्रदर्शनकारी के पास से छुरा भी बरामद किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ब्रिटेन में रह रहे पाकिस्तानियों और कश्मीरियों ने मंगलवार को कश्मीर की स्थिति पर मार्च निकाला था। मार्च की शुरुआत शांतिपूर्ण तरीके से हुई, लेकिन भारतीय दूतावास पहुंचते ही इसने हिंसक रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने इमारत पर पथराव किया और अंडे फेंके।
उच्चायोग ने एक ट्वीट कर बताया, “लंदन में आज, 3 सितंबर 2019 को भारतीय उच्चायोग के बाहर एक और हिंसक प्रदर्शन हुआ, जिससे परिसर को क्षति पहुंची।” उच्चायोग ने इमारत की टूटी हुई खिड़की की तस्वीर भी पोस्ट की।
ट्वीट के जवाब में, लंदन के मेयर सादिक खान ने लिखा, “यह अस्वीकार्य है। मैं इस गैरजिम्मेदाराना व्यवहार की कड़ी निंदा करता हूं और मैंने कार्रवाई करने के लिए इस मामले को पुलिस के समक्ष उठाया है।” एक महीने से भी कम समय में लंदन के भारतीय उच्चायोग इमारत पर यह दूसरा हमला है। पाकिस्तानी प्रदर्शनकारियों ने 15 अगस्त को भी इमारत पर हमला किया था।


Download Android App
Download iOS App



