वाशिंगटन : अमेरिका ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह पाकिस्तान से उसकी सीमा में स्थित आतंकवादियों की पनाहगाह के खिलाफ कार्रवाई करने की उम्मीद करता है। उक्त बात एक एक शीर्ष राजनयिक ने कही है। हाल में अफगानिस्तान की यात्रा से लौटे अमेरिका के उप विदेश मंत्री जॉन जे. सुलिवन ने कहा कि अमेरिका पाकिस्तान से यह भी उम्मीद करता है कि वह क्षेत्र में स्थायी शांति बनाने में योगदान देगा। सुलिवन ने अफगानिस्तान से वापस आने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘अफगानिस्तान के नेतृत्व के साथ वार्ता के दौरान मैंने निश्चित ही इस विषय पर बात की।’’
इस बीच, लेफ्टिनेंट जनरल केनेथ एफ मैकेंजी ने पाकिस्तानी समाचार पत्रों में छपी उन रिपोर्टों को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया था कि अमेरिका पाकिस्तानी में सैन्य कार्रवाई पर विचार कर रहा है। उन्होंने कल एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अमेरिका इसके बजाए अपनी नई दक्षिण एशिया रणनीति के तहत विभिन्न अभियानों में सहयोग एवं सहायता चाहता है।
मैकेंजी ने पेंटागन के संवाददाताओं के एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘हम अफगानिस्तान में अपने अभियानों में विभिन्न तरीकों से पाकिस्तान के सहयोग एवं सहायता की अपेक्षा करते हैं। हम पाकिस्तान के भीतर सैन्य कार्रवाई की योजना नहीं बना रहे हैं।’’ सुलिवन ने कहा, ‘‘हमने पाकिस्तान सरकार को अपनी इस उम्मीद के बारे में यह स्पष्ट कर दिया है कि वह पाकिस्तान में स्थित पनाहगाह में मौजूद आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई करे ताकि अफगानिस्तान में हिंसा का खतरा और दबाव कम हो सके।’’
सुलिवन ने कहा कि अफगानिस्तान की उनकी यात्रा में उन्हें देश के साथ अपनी साझीदारी को मजबूत करने की अमेरिका की प्रतिबद्धता को फिर से पुष्ट करने का अवसर मिला। उन्होंने इस बात पर अफसोस जताया कि इस चरण पर हर किसी के शांति चाहने के बावजूद तालिबान वार्ता की मेज पर आने का इच्छुक प्रतीत नहीं होता। सुलिवन ने कहा कि उन्होंने अफगानिस्तान के नेताओं के साथ सुरक्षा सहयोग और समय से, विश्वनीय एवं समावेशी संसदीय एवं राष्ट्रपति चुनाव कराने की महत्ता पर चर्चा की।
पेंटागन की मुख्य प्रवक्ता डाना व्हाइट ने भी कहा कि नई दक्षिण एशियाई रणनीति के तहत पाकिस्तान के पास आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में साझीदार बनने का अवसर है। उन्होंने कहा, ‘‘वह (पाकिस्तान) आतंकवाद से पीड़ित रहा है और उसने आतंकवाद को सहयोग दिया है। हम चाहते हैं कि वह आतंकवाद का मुकाबला करने में सक्रिय भूमिका निभाए।’’
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



