पाकिस्तान ने दोबारा की LOC पर फायरिंग, भारतीय सेना ने दिया करारा जवाब

Summary :

पाक चौकियों से फायरिंग, भारतीय सेना ने दिखाई ताकत

पाकिस्तान द्वारा नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के की गई गोलीबारी का भारतीय सेना ने सख्त जवाब दिया है। पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद सिंधु जल समझौते को स्थगित कर भारत ने पाकिस्तान को जल आपूर्ति रोक दी है। सेना प्रमुख ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया।

पहलगाम में हुई आतंकवादी वारदात के बाद पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी कर रहा है। बीते दो दिनों से पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। पाकिस्तानी सैन्य चौकियों से की गई इस फायरिंग का भारत की सेना ने सख्त जवाब दिया है। सेना ने इस मामले में बताया कि 25-26 अप्रैल की रात को कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार पाकिस्तानी सेना की विभिन्न चौकियों से फायरिंग की गई। यह फायरिंग बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से की गई। भारतीय सैनिकों ने छोटे हथियारों से इस गोलीबारी का उचित जवाब दिया। सेना के मुताबिक इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इससे पहले शुक्रवार को भी नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी हुई थी। शुक्रवार को भी यह फायरिंग पाकिस्तान द्वारा शुरू की गई। भारतीय सेना ने इस गोलीबारी का माकूल जवाब दिया था।

LOC पर पाकिस्तान की गोलीबारी, भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब

दरअसल, पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद केंद्र सरकार ने सिंधु जल समझौते को स्थगित कर दिया है। इससे भारत से होकर गुजरने वाली नदियों से पाकिस्तान को जल की आपूर्ति बाधित होगी। भारत के इस निर्णय से पाकिस्तान तिलमिलाया हुआ है। वहीं भारत का दो टूक कहना है कि पाकिस्तान जब तक आतंकवाद को बढ़ावा देना बंद नहीं करता, तब तक सिंधु जल समझौता स्थगित रहेगा।

वहीं, भारत आतंकवाद के बुनियादी ढांचे और उसके पारिस्थितिकी तंत्र को कुचलने के लिए भी सटीक कदम उठा रहा है। इस दिशा में चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (सीओएएस) जनरल उपेंद्र द्विवेदी शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर पहुंचे। सेना प्रमुख की यहां कई महत्वपूर्ण बैठकें हुईं। सेना प्रमुख ने उपराज्यपाल से मुलाकात की। आर्मी चीफ ने राज्य के पुलिस महानिदेशक से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। सेना प्रमुख ने सेना की उत्तरी कमान के चीफ, लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिंद्र कुमार, सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा और 15 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल प्रशांत श्रीवास्तव के साथ सैन्य तैयारियों का निरीक्षण भी किया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.