Delhi News : त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ दिल्ली सरकार का अभियान लगातार जारी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें राजधानी के विभिन्न इलाकों में निगरानी और छापेमारी कर रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के भोगल मार्केट, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ मार्केट और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शिव विहार में कार्रवाई की गई। इन तीनों स्थानों पर कुल 948.9 किलो घी जब्त किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया जा रहा है। स्टाफ की संख्या में भी बढ़ोतरी की जा रही है ताकि अनियमितताओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर का उपयोग करने की भी सलाह दी है।
छापेमारी जारी, जब्ती और नमूने एकत्र किए गए
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने बुधवार को भोगल और नजफगढ़ मार्केट में घी के कुल 15 नमूने एकत्र किए। कार्रवाई के दौरान भोगल मार्केट से 389.9 किलो और नजफगढ़ मार्केट से 338 किलो घी जब्त किया गया। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शिव विहार में दिल्ली पुलिस की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई के दौरान 221 किलो घी जब्त किया गया। विभाग के अनुसार घी के नमूनों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी और प्रवर्तन की कार्रवाई लगातार जारी रखी जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को मिलावटी, घटिया या असुरक्षित खाद्य पदार्थों से बचाया जा सके।
हाईटेक होगी व्यवस्था, बढ़ाया जाएगा विभाग का स्टाफ
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से लैस किया जा रहा है ताकि नमूनों की जांच की प्रक्रिया में तेजी आए और अनियमितता पाए जाने पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। विभाग में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर अन्य विभागों से भी स्टाफ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि अभियान को अधिक व्यापक बनाया जा सके और राजधानी के ज्यादा से ज्यादा क्षेत्रों में नियमित रूप से निगरानी और कार्रवाई की जा सके।
दोषियों को नहीं बख्शेंगे, हेल्पलाइन पर भी करें शिकायत
मुख्यमंत्री ने विभाग को निर्देश दिए हैं कि अभियान में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने कहा है कि मिलावट के मसले पर किसी को भी नहीं छोड़ना है, चाहे वे ब्रैंडेड कंपनियां ही क्यों न हों। इस मसले पर सघन जागरुकता अभियान भी जल्द शुरू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मिलावट के खिलाफ कार्रवाई केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे वर्ष प्रभावी ढंग से जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, खराब गुणवत्ता या एक्सपायर्ड उत्पादों की बिक्री से संबंधित कोई शिकायत मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को इसकी सूचना दें। इसके लिए विभाग की हेल्पलाइन 1800-11-3921 पर कार्यालय समय के दौरान संपर्क किया जा सकता है।
जनस्वास्थ्य से समझौता नहीं, जवाबदेही के साथ होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि खाद्य पदार्थों की शुद्धता केवल नियमों के पालन का विषय नहीं, बल्कि हर नागरिक के स्वास्थ्य, विश्वास और सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। सरकार की जिम्मेदारी है कि आम लोगों को इस भरोसे के साथ खाद्य सामग्री उपलब्ध हो कि उसकी गुणवत्ता और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया गया है। सरकार का उद्देश्य केवल मिलावट के मामलों को पकड़ना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें प्रभावी निगरानी, आधुनिक जांच सुविधाओं, पर्याप्त मानव संसाधन और त्वरित कार्रवाई के जरिए मिलावट करने वालों पर अंकुश लगाया जा सके।


Download Android App
Download iOS App




