दुशान्बे : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रविवार को ताजिकिस्तान पहुंचे। इस दौरान वह मध्य एशियाई देश के साथ भारत के संबंध मजबूत करने के लिए देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ वार्ता करेंगे। दुशान्बे अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर ताजिकिस्तान के उपप्रधानमंत्री जाकिर जोदा माहमदतोइर और प्रथम उप विदेश मंत्री निजोमिद्दीन जोहिदी ने राष्ट्रपति और प्रथम महिला सविता कोविंद का स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। कोविंद का मध्य एशियाई देश का यह पहला दौरा है। विदेश मंत्रालय ने शनिवार को कहा था कि सात से नौ अक्टूबर के बीच अपनी यात्रा के दौरान कोविंद ताजिकिस्तान के अपने समकक्ष एमामोली रहमोन और संसद के अध्यक्ष शुकुरजोन जुहुरोव से मुलाकात करेंगे। ताजिकिस्तान के प्रधानमंत्री कोहिर रसूलजोदा भी राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे।
कोविंद ताजिकिस्तान नेशनल यूनिवर्सिटी भी जायेंगे जहां वह ‘कट्टरता का मुकाबला: आधुनिक समाज में चुनौतियां’ विषय पर भाषण देंगे।
वह अपनी यात्रा के दौरान ताजिकिस्तान में भारतीय समुदाय के सदस्यों को भी संबोधित करेंगे। राष्ट्रपति दुशान्बे में महात्मा गांधी और रवीन्द्रनाथ टैगोर के स्मारक जाएंगे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि कोविंद की ताजिकिस्तान यात्रा के दौरान द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और बहुपक्षीय सहयोग के क्षेत्रों में चर्चा होने की उम्मीद है। ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति रहमोन पांच बार भारत का दौरा कर चुके हैं। उनकी पिछली भारत यात्रा दिसंबर 2016 में हुई थी।


Download Android App
Download iOS App



