रूसी हवाई क्षेत्र में हुई विमान दुर्घटना के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव से माफी मांगी है। उन्होंने विमान दुर्घटना के पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। रूसी समाचार एजेंसी ने शनिवार को एक बयान में कहा कि व्लादिमीर पुतिन ने इस बात के लिए खेद व्यक्त किया कि यह दुखद घटना रूस के हवाई क्षेत्र में हुई थी और उन्होंने एक बार फिर विमान दुर्घटना के पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी और सच्ची संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। रूस और यूक्रेन द्वारा विमान दुर्घटना के लिए एक-दूसरे को दोषी ठहराए जाने के एक दिन बाद यह बात सामने आई है।
अजरबैजान एयरलाइंस पर हमला
रूस के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के प्रमुख दिमित्री याद्रोव ने कहा था कि उस समय यूक्रेनी सैन्य ड्रोन नागरिक बुनियादी ढांचे पर आतंकवादी हमले कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जमीन पर विमान के उतरने के लिए विमान द्वारा दो असफल प्रयास किए गए। इस बीच यूक्रेन ने रूस की संलिप्तता का दावा करते हुए कहा कि अजरबैजान एयरलाइंस के विमान को मार गिराए जाने के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। इससे पहले 25 दिसंबर को अजरबैजान ने 190 यात्री वाले विमान की दुखद दुर्घटना के पीड़ितों के लिए राष्ट्रीय शोक दिवस की घोषणा की थी।
शोक दिवस मनाने के आधिकारिक आदेश
अजरबैजानी राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने बुधवार को इस त्रासदी के प्रतिक्रियास्वरूप शोक दिवस मनाने के आधिकारिक आदेश पर हस्ताक्षर किए। अलीयेव उस समय शिखर सम्मेलन के लिए सेंट पीटर्सबर्ग जाते समय रूस के हवाई क्षेत्र में थे, लेकिन दुर्घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने अपने विमान को वापस लौटने का आदेश दिया। उड़ान संख्या जे2-8243 वाला विमान कजाकिस्तान के अक्तौ हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। कजाकिस्तान के आपातकालीन स्थिति मंत्रालय ने 28 लोगों के जीवित बचे होने की सूचना दी है।
विमान में 67 लोग थे सवार
समाचार एजेंसी के अनुसार, अजरबैजान एयरलाइंस ने बताया कि विमान में 62 यात्री और चालक दल के पांच सदस्यों सहित 67 लोग सवार थे। कजाख मीडिया ने बताया कि विमान में सवार यात्रियों में अजरबैजान के 37, रूस के 16, कजाकिस्तान के छह और किर्गिस्तान के तीन नागरिक शामिल थे। एमईएस ने 52 कर्मियों को घटनास्थल पर भेजा, जहां विमान में आग लगी हुई पाई गई।


Download Android App
Download iOS App



