South Korea Education Minister Resign: दक्षिण कोरिया के शिक्षा मंत्री चोई क्यो-जिन का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। रविवार सुबह ही चोई ने पद छोड़ने की पेशकश की थी, जिसके महज एक घंटे के भीतर राष्ट्रपति कार्यालय ने स्वीकार कर लिया है। इसे लेकर राष्ट्रपति कार्यालय ने बयान जारी किया।
यह पूरा विवाद 19 नवंबर को हुई राष्ट्रीय कॉलेज प्रवेश परीक्षा यानी ‘कॉलेज स्कोलास्टिक एबिलिटी टेस्ट’ यानी CSAT 2027 से जुड़ा है। परीक्षा से ठीक एक दिन पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए होने वाली नकल को रोकने के लिए नियमों में अचानक फेरबदल किया गया था, जिससे परीक्षार्थियों और शिक्षकों में भारी भ्रम फैल गया। छात्रों के बढ़ते विरोध और अव्यवस्था की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए चोई ने अपना पद छोड़ दिया।
सिर्फ पेंसिल ले जाने के नियम से बढ़ी घबराहट
इस्तीफे की घोषणा करते हुए चोई क्यो-जिन ने स्वीकार किया कि मंत्रालय परीक्षा की पूर्व तैयारी करने में विफल रहा और वह इस अव्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं। दरअसल, दक्षिण कोरिया में सीएसएटी को करियर के लिहाज से जीवन का सबसे बड़ा पड़ाव माना जाता है।
परीक्षा से ऐन पहले लागू किए गए नियमों के तहत छात्रों को परीक्षा हॉल में केवल पेंसिल ले जाने की अनुमति दी गई। साथ ही, खुफिया कैमरों के डर से कपड़ों के बटनों को स्टिकर से ढकने का निर्देश जारी हुआ। यही नहीं, छिपाए गए मोबाइल फोन पकड़ने के लिए परीक्षा के दौरान देशभर में तीन इमरजेंसी अलर्ट भी भेजे गए। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से नकल के 111 संदिग्ध मामले सामने आए, लेकिन छात्रों और शिक्षकों का कहना था कि आखिरी वक्त के इन बदलावों ने परीक्षार्थियों का तनाव और बढ़ा दिया।
पुराने पेपर लीक मामलों ने बढ़ाया था दबाव
72 वर्षीय चोई परीक्षा से पहले संसद में दिए अपने एक बयान को लेकर भी निशाने पर थे। जब एक सांसद ने पूछा कि क्या एआई की मदद से होने वाली नकल को पकड़ा जा सकेगा, तो उन्होंने कहा था कि उम्र अधिक होने के कारण उन्हें नहीं लगता कि वह ऐसा कर पाएंगे।
गौरतलब है कि देश में एआई नकल को लेकर चिंता तब बढ़ी, जब ‘सर्टिफाइड टैक्स अकाउंटेंट’ परीक्षा के टॉपर ने छोटे कैमरे, स्मार्टफोन और जेनरेटिव एआई से नकल करने की बात कबूली। वहीं, नेशनल लॉ स्कूल की प्रवेश परीक्षा ‘लीगल एजुकेशन एलिजिबिलिटी टेस्ट’ में पूरे अंक पाने वाला एक युवक गुरुवार को मृत पाया गया, जिस पर नकल के आरोप थे। अब नए शिक्षा मंत्री के चयन की प्रक्रिया तय नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी।
यह भी पढ़ें – दिल्ली पहुंचे डच विदेश मंत्री, एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय सहयोग पर होगी चर्चा


Download Android App
Download iOS App




