सुनक ने पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की तारीफ की

Summary :

ब्रिटेन के नये प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर बोरिस जॉनसन की ‘अतुल्य उपलब्धियों’ को लेकर वह हमेशा उनके आभारी रहेंगे।

ब्रिटेन के नये प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर बोरिस जॉनसन की ‘अतुल्य उपलब्धियों’ को लेकर वह हमेशा उनके आभारी रहेंगे। साथ ही, उन्होंने (सुनक ने) जोर देते हुए कहा कि 2019 में कंजरवेटिव पार्टी को मिला जनादेश किसी एक व्यक्ति की ‘व्यक्तिगत संपत्ति’ नहीं है।
भारतीय मूल के पहले ब्रिटिश प्रधानमंत्री सुनक (42) ने जॉनसन की इस घोषणा के दो दिन बाद यह बात कही कि वह (जॉनसन) नेतृत्व की दौड़ में शामिल नहीं हैं।
दोनों नेताओं के बीच प्रतिस्पर्धा कंजरवेटिव पार्टी के लिए विभाजनकारी साबित हो सकती थी क्योंकि जॉनसन के कई समर्थक उनकी सरकार गिरने के लिए जुलाई में सुनक द्वारा वित्त मंत्री पद से दिये गये इस्तीफे को भी जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
सुनक ने ब्रिटेन का प्रधानमंत्री नियुक्त होने के बाद अपने पहले संबोधन में कहा,‘‘ प्रधानमंत्री के तौर पर बोरिस जॉनसन की अतुल्य उपलब्धियों को लेकर मैं हमेशा उनका आभारी रहूंगा और उनकी गर्मजोशी एवं उदारता को संजो कर रखूंगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं जानता हूं कि वह इस बात से सहमत होंगे कि 2019 में पार्टी को जो जनादेश मिला था वह किसी एक व्यक्ति की व्यक्तिगत संपत्ति नहीं है, बल्कि यह जनादेश हम सभी को मिला था और यह हमें आपस में जोड़ता है।’’ उन्होंने कहा कि ‘‘उस जनादेश के मूल में हमारा घोषणापत्र है।’’
हर स्तर पर अपनी सरकार द्वारा सत्यनिष्ठा, पेशेवर व्यवहार रखने और जवाबदेही लेने का संकल्प लेते हुए सुनक ने कहा, ‘‘मैं इसके (सरकार के) वादों को पूरा करूंगा।’’

Shera Rajput