अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने ट्रंप की सुरक्षा में अपनी चूक को स्वीकारा

Summary :

अमेरिका की सीक्रेट सर्विस ने 13 जुलाई को पेनसिल्वेनिया में एक चुनावी रैली के दौरान पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में अपनी चूक को स्वीकार किया है। डोनाल्ड ट्रंप 13 जुलाई को पेनसिल्वेनिया में एक रैली में उस समय बाल-बाल बच गए, जब 20 वर्षीय एक हमलावर ने उन पर कई गोलियां चलाईं। इस हमले में वह जख्मी हो गए थे और उनके दाहिने कान के ऊपरी हिस्से पर चोट आई थी। सीक्रेट सर्विस ने ट्रंप की सुरक्षा में अपनी चूक को स्वीकार किया है डोनाल्ड ट्रंप 13 जुलाई को पेनसिल्वेनिया में एक रैली में बाल-बाल बच गए थे…

अमेरिका की सीक्रेट सर्विस ने 13 जुलाई को पेनसिल्वेनिया में एक चुनावी रैली के दौरान पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में अपनी चूक को स्वीकार किया है। डोनाल्ड ट्रंप 13 जुलाई को पेनसिल्वेनिया में एक रैली में उस समय बाल-बाल बच गए, जब 20 वर्षीय एक हमलावर ने उन पर कई गोलियां चलाईं। इस हमले में वह जख्मी हो गए थे और उनके दाहिने कान के ऊपरी हिस्से पर चोट आई थी।

  • सीक्रेट सर्विस ने ट्रंप की सुरक्षा में अपनी चूक को स्वीकार किया है
  • डोनाल्ड ट्रंप 13 जुलाई को पेनसिल्वेनिया में एक रैली में बाल-बाल बच गए थे
  • इस हमले में वे जख्मी हुए और उनके दाहिने कान के ऊपरी हिस्से पर चोट आई

सीक्रेट सर्विस को बताया गया पूरी तरह जिम्मेदार



अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के कार्यवाहक निदेशक रोनाल्ड रोवे ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘13 जुलाई की घटनाओं में चूक के लिए सीक्रेट सर्विस पूरी तरह से जिम्मेदार है। यह एक मिशन विफलता थी। हमारी एजेंसी की एकमात्र जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना है कि उन लोगों को कभी भी खतरा न हो जिनकी सुरक्षा का जिम्मा हमारे ऊपर है। बटलर में हम ऐसा करने में विफल रहे और मैं यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहा हूं कि ऐसी चूक दोबारा न हो।’’ सीक्रेट सर्विस की मुख्य जिम्मेदारी राष्ट्रपति, पूर्व राष्ट्रपतियों और उनके परिवार के सदस्यों की सुरक्षा करना है। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों को भी सीक्रेट सर्विस की सुरक्षा मिलती है। रोवे ने कहा कि सीक्रेट सर्विस 13 जुलाई की चूक की लंबित जांच में सहयोग जारी रखेगी। यह जांच होमलैंड सुरक्षा विभाग के महानिरीक्षक कार्यालय द्वारा की जा रही है। इसके अलावा राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा निर्देशित स्वतंत्र समीक्षा का कार्य भी चल रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इन जांच के पूरा होने का इंतजार नहीं कर रहा हूं, और मैंने सीक्रेट सर्विस को तत्काल कदम उठाने का निर्देश दिया है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि हमारे लोग सुरक्षित हैं। मैं पेनसिल्वेनिया के बटलर में सीक्रेट सर्विस की चूक के लिए जवाबदेही तय करने को प्रतिबद्ध हूं।’’

हमले में एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत



इससे कुछ समय पहले CNN ने बटलर काउंटी के जिला अटॉर्नी रिचर्ड गोल्डिंगर के हवाले से बताया कि पेनसिल्वेनिया में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रैली में गोलीबारी के दौरान एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई। CNN ने सीक्रेट सर्विस के एक सूत्र का हवाला देते हुए बताया कि शूटर को भी सीक्रेट सर्विस ने मार गिराया। जिला अटॉर्नी ने यह भी कहा कि ट्रंप, जिन्हें गोलीबारी में कान में चोट लगी थी, ठीक हो जाएंगे और उन्हें तुरंत अमेरिकी सीक्रेट सर्विस द्वारा ले जाया गया। अधिकारी के हवाले से सीएनएन ने बताया कि रैली में मौजूद एक अन्य दर्शक की हालत गंभीर है। सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों से कुछ महीने पहले हुई गोलीबारी की घटना ने बटलर, पेनसिल्वेनिया में ट्रंप की रैली को बाधित कर दिया।

देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।

Desk News