वाशिंगटन : अमेरिका के दैनिक समाचार पत्र ‘द वाशिंगटन पोस्ट’ ने आरोप लगाया है कि देश के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ पिछले सप्ताह व्हाइट हाउस में मुलाकात के दौरान उनसे अत्यंत खुफिया जानकारी साझा की। अमेरिका के विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार दोनों ने इस समाचार रिपोर्ट को तत्काल खारिज करते हुए कहा कि रूस के साथ ऐसी कोई चर्चा नहीं की गई जिससे कोई खतरा हो।
‘द वाशिंगटन पोस्ट’ ने मामले की जानकारी रखने वाले एक अज्ञात अमेरिकी अधिकारी के हवाले से कहा, ”यह जानकारी कूटभाषा में थी।” समाचार पत्र ने कहा कि कूट शब्द या संकेत शब्द में दी गई जानकारी एक ऐसी शब्दावली है जिसका इस्तेमाल अमेरिकी खुफिया एजेंसियां अत्यंत खुफिया स्तरों पर करती हैं।
समाचार पत्र ने कहा कि ”हमने अपने सहयोगियों के साथ जो जानकारी साझा की है,” ट्रंप ने ”रूसी राजदूत को उससे भी अधिक जानकारी दी।” इसके कारण अमेरिकी अधिकारी क्षति नियंत्रण की कोशिश करने में जुट गए हैं। उसने कहा कि यह संवेदनशील सूचना अमेरिका के एक सहयोगी ने अमेरिका को दी थी और उस सहयोगी ने यह सूचना रूस के साथ साझा करने की अनुमति नहीं दी थी। हालांकि ट्रंप प्रशासन ने इन आरोपों का खंडन किया है।
(भाषा)


Download Android App
Download iOS App



