माली के अगुएलहोक क्षेत्र में संयुक्त राष्ट्र के शांति सैनिकों पर किए गए हमले की सुरक्षा परिषद ने निंदा की है। इस हमले में चार जानें गई हैं और 19 घायल हुए हैं। सुरक्षा परिषद के सदस्यों ने पीड़ितों के परिवारों के साथ-साथ चाड और माली में संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।
इनके द्वारा घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना की गई है और साथ ही में जान जोखिम में डालने वाले शांति सैनिकों के प्रति श्रद्धांजलि भी दी गई है। परिषद के सदस्यों ने माली की सरकार से इस हमले की जांच करने और अपराधियों को जल्द से जल्द न्याय दिलाने का आह्वान किया है। उन्होंने यह भी कहा कि शांति सैनिकों को निशाना बनाकर किए गए हमले को अंतर्राष्ट्रीय कानून के तहत युद्ध अपराध के तौर पर समझा जा सकता है।
उधर, दुनिया में कोविड-19 मामले बढ़कर 13 करोड़ से अधिक हो चुके हैं। वहीं इस घातक वायरस के कारण मरने वालों की संख्या 28.4 लाख से ज्यादा हो चुकी है। जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर सिस्टम साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसएसई) द्वारा रविवार को जारी किए गए आंकड़ो के अनुसार अब दुनिया में मामलों की संख्या 13,06,59,436 और मौतों की संख्या 28,45,012 हो गई है।
अमेरिका अब भी दुनिया में कोरोनावायरस का सबसे बुरा प्रकोप झेल रहा है। यहां अब तक 30,671,074 मामले और 5,54,779 मौतें दर्ज हो चुकी हैं। इसके बाद ब्राजील में दूसरे सबसे ज्यादा 1,29,53,597 मामले और 3,30,193 मौतें दर्ज हो चुकी हैं।


Download Android App
Download iOS App



