न्यूयॉर्क : उत्तर कोरिया के साथ बढ़े तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन करने के लिए कोरियाई देश के पूर्वी तट के उपर बमवर्षक विमान उड़ाए। अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन की मुख्य प्रवक्ता डाना डब्ल्यू व्हाइट ने कल एक बयान में कहा, यह अभियान अमेरिका के संकल्प को प्रदर्शित करने के लिए है और यह एक स्पष्ट संदेश है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास किसी भी खतरे से निपटने के लिए कई सैन्य विकल्प हैं।
उन्होंने बताया कि गुआम से यूएस एयरफोर्स बी-1बी लांसर बमवर्षक विमान ने जापान के ओकीनावा से एफ-15सी ईगल लड़ाकू विमान के साथ कल उत्तर कोरिया के पूर्वी जल क्षेत्र के रूपर अंतरराष्ट्रीय वायु क्षेत्र में उड़ान भरी। यह विमान तब उड़ाए गए हैं जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षणों को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय चिंतित है।
प्रवक्ता ने कहा कि उत्तर कोरिया का परमाणु कार्यक्रम एशिया-प्रशांत क्षेत्र और पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए गंभीर खतरा है। पेंटागन की अधिकारी ने कहा, हम अमेरिका और हमारे सहयोगी देशों की रक्षा करने की खातिर पूर्ण सैन्य क्षमताओं का इस्तेमाल करने के लिए तैयार हैं।


Download Android App
Download iOS App



