अर्जेंटीना पहुंचे PM मोदी, क्यों खास है ये दौरा? जानें पूरे कार्यक्रम का शेड्यूल

Summary :

त्रिनिदाद और टोबैगो के दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की अपनी यात्रा के तीसरे चरण में अर्जेंटीना पहुंच चुके हैं. वे अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के निमंत्रण पर दो दिन की यात्रा पर हैं. प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका दूसरा अर्जेंटीना दौरा है. पीएम मोदी शुक्रवार देर रात दो दिन के अर्जेंटीना दौरे पर रवाना हो गए थे. इससे पहले वे 2018 में G20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने यहां आए थे. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अर्जेंटीना से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पांच देशों की यात्रा के दूसरे चरण में त्रिनिदाद और टोबैगो की…

त्रिनिदाद और टोबैगो के दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की अपनी यात्रा के तीसरे चरण में अर्जेंटीना पहुंच चुके हैं. वे अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के निमंत्रण पर दो दिन की यात्रा पर हैं. प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका दूसरा अर्जेंटीना दौरा है. पीएम मोदी शुक्रवार देर रात दो दिन के अर्जेंटीना दौरे पर रवाना हो गए थे. इससे पहले वे 2018 में G20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने यहां आए थे.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अर्जेंटीना से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पांच देशों की यात्रा के दूसरे चरण में त्रिनिदाद और टोबैगो की यात्रा पर थे, जहां उन्होंने दो दिवसीय दौरे के दौरान मेज़बान देश के साथ द्विपक्षीय रिश्तों को मज़बूत करने के लिए छह अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए. इन समझौतों में बुनियादी ढांचे, दवाइयों (फार्मास्यूटिकल्स), संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में पहल की गई.

PM मोदी ने कमला प्रसाद बिसेसर से की मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी की त्रिनिदाद-टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर के साथ मुलाकात हुई, जिसमें दोनों देशों के बीच सहयोग को विस्तारित करने पर चर्चा हुई. यह बैठक भारत और कैरेबियाई देशों के रिश्तों में एक नया मोड़ लाने वाली साबित हुई.

भारत-अर्जेंटीना के बीच संभावित समझौते

पीएम मोदी की इस यात्रा के दौरान भारत और अर्जेंटीना के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है. इसमें रक्षा, कृषि, ऊर्जा, परमाणु सहयोग, व्यापार और निवेश प्रमुख विषय रहेंगे. इसके अलावा दोनों देश लिथियम और तरल प्राकृतिक गैस (LNG) की आपूर्ति पर भी समझौता कर सकते हैं. ज्ञात हो कि अर्जेंटीना विश्व का तीसरा सबसे बड़ा लिथियम भंडार रखने वाला देश है, जो भारत की ऊर्जा ज़रूरतों के लिए रणनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है.

PM मोदी का अर्जेंटीना में कार्यक्रम

प्रधानमंत्री मोदी आज अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई से मुलाकात करेंगे और भारत-अर्जेंटीना बिजनेस समिट 2025 में हिस्सा लेंगे. इस बैठक का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करना है. वे कई महत्वपूर्ण समझौतों (MoUs) पर हस्ताक्षर करेंगे और अर्जेंटीना में बसे भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करेंगे. साथ ही एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे. रविवार, 6 जुलाई को प्रधानमंत्री अर्जेंटीना के विदेश मंत्री, व्यापार मंत्री और ऊर्जा मंत्री से भी मुलाकात करेंगे. इस दौरान लिथियम और LNG की सप्लाई को लेकर विस्तृत चर्चा और समझौते हो सकते हैं.

अगला पड़ाव: ब्राजील

अर्जेंटीना दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी ब्राजील के लिए रवाना होंगे, जहां वे ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे. उनकी यह यात्रा 2 जुलाई से 10 जुलाई तक चलने वाली है, जिसमें वे कुल पांच देशों का दौरा कर रहे हैं. इस यात्रा के ज़रिए भारत वैश्विक स्तर पर अपने द्विपक्षीय और बहुपक्षीय संबंधों को और मज़बूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

यह भी पढ़ें-कानून बना वन बिग ब्यूटीफुल बिल, ट्रंप ने पिकनिक के दौरान व्हाइट हाउस में किए साइन

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।