बीजिंग : चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने बेल्ट ऐंड रोड इनिशिएटिव (बीआरआई) के तहत चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) परियोजना को ‘‘ऐतिहासिक’’ बताया और शुक्रवार को कहा कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग साझेदारी को बढ़ावा देने में इसका बहुत महत्व है।
सरकारी शिन्हुआ समाचार एजेंसी के मुताबिक सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना के महासचिव शी ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी को भेजे मौखिक संदेश में यह बात कही ।
सीपीईसी की राजनीतिक दल संयुक्त विमर्श प्रक्रिया के दूसरे सम्मेलन के आरंभ होने पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति की ओर से भेजे गए बधाई संदेश के जवाब में शी ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से दिखाता है कि अल्वी चीन-पाकिस्तान संबंधों को बहुत महत्व देते हैं तथा सीपीईसी के निर्माण का समर्थन करते हैं।
चीन के संसाधन सम्पन्न शिनजियांग प्रांत को पाकिस्तान के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बलूचिस्तान स्थित ग्वादर बंदरगाह से जोड़ने वाली 60 अरब डॉलर की सीपीईसी कई अरब डॉलर के बीआरआई की एक महत्वपूर्ण परियोजना है।
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से होकर गुजरने वाली इस परियोजना पर भारत ने आपत्ति जताई है। अल्वी को भेजे संदेश में शी ने कहा कि चीन और पाकिस्तान अच्छे भाई और साझेदार हैं जिनके बीच विशेष मित्रता है।


Download Android App
Download iOS App



