Bhopal Family Murder Case: मध्य प्रदेश के भोपाल से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। छोला मंदिर इलाके में रहने वाले एक परिवार के मुखिया पर अपनी पत्नी और बच्चों की हत्या करने का आरोप लगा है। इसके बाद उसने खुद भी आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू ने कुछ समय पहले अपना रेस्टोरेंट खोला था। लेकिन , किसी कारण से यह रेस्टोरेंट 15 दिन पहले ही बंद हो गया था। इसके चलते नरेंद्र काफी परेशान रहता था।
यह परिवार करीब एक साल पहले मालीखेड़ी इलाके में किराए के मकान में रहने आया था। पुलिस के मुताबिक, नरेंद्र ने अपनी मां, पत्नी, बेटी और बेटे की हत्या कर दी। इसके बाद वह सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के पास चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर पहुंचा, जहां उसका शव मिला।
मृतकों की पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 50 वर्षीय सरस्वती साहू (नरेंद्र की मां), 29 वर्षीय सोमलता साहू (नरेंद्र की पत्नी), 10 वर्षीय कृति साहू (बेटी) और 6 वर्षीय खुश साहू (बेटे) के रूप में हुई है। वहीं, घर के मुखिया नरेंद्र साहू का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के पास चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच में जुटी हुई है। DCP जोन-4 आदर्श कांत शुक्ला ने बताया कि सोमवार सुबह एफआरवी सिस्टम पर रेलवे ट्रैक के पास एक घटना की सूचना मिली थी। सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र से मिली जानकारी के आधार पर पता चला कि एक ही परिवार के चार सदस्यों और एक अन्य व्यक्ति की मौत हुई है।
रेलवे ट्रैक पर मिले व्यक्ति की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई थी। परिवार के चार सदस्यों के शवों की जांच करने पर उनके गले पर कट के निशान मिले। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App




