Delhi News : भगवान कृष्ण को लेकर बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथित टिप्पणी पर विवाद गहराता जा रहा है। मामला अब दिल्ली पुलिस तक पहुंच गया है। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने मंगलवार को संसद मार्ग थाने पहुंचकर धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ लिखित शिकायत दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शास्त्री की टिप्पणी से करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। सांसद ने मामले में गैर-जमानती धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। थाने में शिकायत देने के बाद पप्पू यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण देश के करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं। उनकी गरिमा का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की अमर्यादित टिप्पणियां करने वालों के लिए सख्त आचार संहिता बनाई जानी चाहिए, ताकि धार्मिक आस्थाओं से खिलवाड़ न हो।
वहीं, विवाद बढ़ने पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वीडियो संदेश जारी कर अपनी सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनकी बातों को गलत संदर्भ में तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। उनका उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण का अपमान करना या राम और कृष्ण के बीच भेद पैदा करना बिल्कुल नहीं था। उन्होंने अपने बयान को भावपूर्ण अभिव्यक्ति बताते हुए कहा कि वह व्यंग्य स्तुति थी। शास्त्री ने कहा कि वह स्वयं भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं। यदि उनके शब्दों से किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए क्षमा मांगते हैं।
संसद मार्ग थाना पुलिस के मुताबिक, सांसद पप्पू यादव की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। इसकी डीडी एंट्री कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App




