जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से दो पुलिसकर्मी (SPO) बुधवार से लापता हो गए थे, जिनके शव अब दच्छन के जंगलों में मिले हैं। इन दोनों पुलिसवालों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं और इनके पास से सर्विस हथियार भी गायब हैं। इस वजह से शक जताया जा रहा है कि आतंकियों ने इनका अपहरण करके इनकी हत्या कर दी है। फिलहाल सुरक्षा बलों ने आतंकियों की तलाश के लिए पूरे इलाके में बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
अचानक लापता हुए दोनों SPOs
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों SPOs की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है। ये दोनों स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) में तैनात थे। बुधवार को दोनों SPO अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की पोस्ट की तरफ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में अचानक लापता हो गए। शुरुआत में दोनों के मोबाइल फोन चालू थे और उनसे संपर्क भी हो रहा था, लेकिन कुछ देर बाद फोन बंद हो गए। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और दोनों की तलाश के लिए बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
जंगल में गोलियों से छलनी मिले दोनों के शव
दोनों SPO की तलाशी के लिए किश्तवाड़ जिले के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जंगली इलाकों और दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर ड्रोन और स्निफर कुत्तों की मदद से तलाशी की जा रही थी।
किश्तवाड़ के दच्छन इलाके में गुरुवार को तलाशी अभियान के दौरान लापता हुए दोनों SPOs बाबी चंद और रशपाल कुमार के शव जंगल से बरामद किए गए। दोनों के शरीर पर गोलियों के कई निशान मिले हैं। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, एक के सिर और दूसरे की पीठ पर गोली लगी थी। दोनों के सर्विस हथियार भी गायब मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि आतंकियों ने उन्हीं हथियारों से दोनों की हत्या की हो सकती है।


Download Android App
Download iOS App




