दिल्ली/ नांगलोई: दिल्ली में खुले मैनहोल की लापरवाही एक परिवार के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। दरअसल, नांगलोई विहार की दास गार्डन कॉलोनी में 4 साल का इमरान पार्क में खेलते समय सीवर के अंदर गिर गया है। घटना के बाद से परिवार में चिंता का माहौल है। बच्चे को खोजने के लिए कई बचाव एजेंसियां मौके पर तैनात हैं। NDRF से लेकर दिल्ली फायर सर्विस तक की टीमें लगातार तलाश कर रही हैं, लेकिन अब तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को इमरान अपनी मां शाहजहां और बड़े भाई के साथ पार्क में गया था। इस दौरान दोनों बच्चे पार्क में खेल रहे थे। इसी बीच इमरान शौच के लिए पार्क के दूसरे हिस्से की तरफ चला गया। वहां नाले के पास बनी दीवार के किनारे एक सीवर का मैनहोल था, जिसे फाइबर की सीट से ढका गया था। बताया जा रहा है कि इमरान उसी सीट पर बैठा था। अचानक सीट टूट गई और वह मैनहोल के भीतर गिर गया। कुछ ही पलों में पार्क का माहौल बदल गया।
#WATCH दिल्ली: बाहरी दिल्ली के नांगली विहार में दास गार्डन कॉलोनी के पास एक सीवर में 4 साल के बच्चे के गिरने के बाद, बचाव अभियान जारी है। घटनास्थल से सुबह का वीडियो है। https://t.co/L3nit4FqIu
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 11, 2026
अलग-अलग सरकारी एजेंसियां मिलकर कर रही काम
इस दौरान बेटे को सीवर में गिरता देखकर मां शाहजहां ने मदद के लिए आवाज लगाई। उनकी पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने बच्चे को निकालने की कोशिश की और संबंधित विभागों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआती स्तर पर तलाश की गई, लेकिन बच्चे का पता नहीं चल सका। इसके बाद बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू करने का फैसला लिया गया। इमरान की तलाश के लिए अब अलग-अलग सरकारी एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। अभियान में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और BSF की टीमें शामिल हैं।
दमकल विभाग ने भी आसपास के कई स्टेशनों से कर्मचारियों और गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा है। इनमें जनकपुरी, द्वारका, नजफगढ़, मोती नगर और ज्वालापुरी के फायर स्टेशन शामिल हैं। दमकल अधिकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9:45 बजे विभाग को इस घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद तुरंत बचाव दल को रवाना किया गया। अन्य एजेंसियों की मदद से तलाशी अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।
खुले मैनहोल की व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक जगहों पर सीवर और मैनहोल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्क जैसी जगहों पर छोटे बच्चे खेलते हैं। ऐसे में खुले या कमजोर ढक्कन वाले मैनहोल बड़ी दुर्घटना की वजह बन सकते हैं। स्थानीय स्तर पर भी इस तरह के खतरों को लेकर निगरानी और नियमित जांच की जरूरत महसूस की जा रही है।
खासतौर पर उन जगहों पर अधिक सावधानी जरूरी है, जहां बच्चों और परिवारों की आवाजाही अधिक रहती है। वहीं इमरान के पिता खुर्शीद आलम और मां शाहजहां को अब सिर्फ अपने बेटे के सुरक्षित मिलने का इंतजार है। हादसे के बाद से परिवार के लोग परेशान हैं। दूसरी तरफ बचाव टीमें लगातार अपना अभियान जारी रखे हुए हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में शुरू हुई ‘नमो यमुना रिवर क्रूज सर्विस’, 500 रुपये में मिलेगा यमुना में सैर का मौका


Download Android App
Download iOS App




