जैसलमेर में गे ऐप पर दोस्ती करना कारोबारी को पड़ा भारी, 7 बदमाशों ने अगवा कर लूटे लाखों, पुलिस ने ऐसे सुलझाया मामला

Summary :

राजस्थान के जैसलमेर में गे डेटिंग ऐप के जरिए कारोबारी को अगवा कर डेढ़ लाख रुपये की वसूली का मामला सामने आया है। नोएडा से आए सात आरोपियों ने कारोबारी के साथ मारपीट कर रकम ट्रांसफर कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक महिला और नाबालिग समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

राजस्थान/जैसलमेर: राजस्थान के जैसलमेर में ऑनलाइन ऐप के जरिए दोस्ती करना एक कारोबारी के लिए मुसीबत बन गया। गे डेटिंग ऐप पर मिले लोगों से मिलने पहुंचे कारोबारी को सात बदमाशों ने अगवा कर लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से नुकसान पहुंचाने का डर दिखाकर बैंक खाते से डेढ़ लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद उसे एक सुनसान जगह पर छोड़कर सभी आरोपी फरार हो गए। हालांकि, पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लोगों में एक महिला और एक नाबालिग भी शामिल हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, पीड़ित कारोबारी ने एक गे डेटिंग ऐप पर अपनी प्रोफाइल बना रखी थी। इसी ऐप पर नोएडा के कुछ युवक भी एक्टिव  थे। बताया जा रहा है कि आरोपी करीब दो दिन पहले जैसलमेर पहुंचे थे। उन्होंने ऐप पर एक मैसेज पोस्ट किया, जिसमें जैसलमेर के लोगों को ग्रुप में मिलने के लिए बुलाया गया था। इस मैसेज को देखने के बाद कारोबारी उनसे मिलने के लिए पहुंच गया। वहां एक युवक पहले से कार में मौजूद था। दोनों के बीच बातचीत हुई और कारोबारी भी उसके साथ गाड़ी में बैठ गया। उसे अंदाजा नहीं था कि यह मुलाकात एक साजिश का हिस्सा है।

कुछ दूर जाते ही बाकी 6 बदमाश भी कार में बैठे

कारोबारी के गाड़ी में बैठने के बाद आरोपी ने कार आगे बढ़ा दी। अभी गाड़ी कुछ ही दूरी तय कर पाई थी कि उसके 6 अन्य साथी भी वहां पहुंच गए और कार में सवार हो गए। इसके बाद सभी ने मिलकर कारोबारी को अपने कब्जे में ले लिया।

आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे डराकर बैंक खाते से जबरन 1.5 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने कारोबारी का मोबाइल सिम कार्ड भी तोड़कर फेंक दिया, ताकि वह तुरंत किसी से संपर्क न कर सके। इसके बाद उसे सुनसान जगह पर छोड़कर आरोपी मौके से निकल गए।

गाड़ी का नंबर बना पुलिस के लिए अहम सुराग

वारदात के दौरान आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने की पूरी कोशिश की थी। उन्होंने कार की नंबर प्लेट को ढक रखा था। हालांकि, कारोबारी की सतर्कता आरोपियों पर भारी पड़ गई। उसने गाड़ी में बैठने से पहले ही उसका नंबर देख लिया था। आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद कारोबारी ने पुलिस को कार का नंबर बताया। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की और उसकी घेराबंदी कर दी।

पुलिस ने जब आरोपियों की कार को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने बचकर निकलने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर भी मारी। लेकिन, पुलिसकर्मियों ने उन्हें भागने का मौका नहीं दिया और सभी 7 आरोपियों को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया।

SP ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया खुलासा

सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जैसलमेर के SP ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने कारोबारी की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसके बाद उन्हें कोर्ट  में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

फिलहाल पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं। पुलिस उनके आपसी संपर्क और पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।

यह भी पढ़ें: जयपुर में फिर स्टंट बाजी का कहर! स्विफ्ट कार ने कई गाड़ियों को मारी टक्कर, दो गिरफ्तार

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।