छठ पूजा से पहले लखनऊ के कुड़िया घाट का मंत्री ए.के. शर्मा ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

Summary :

लखनऊ में छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लेने नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने कुड़िया घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिव मंदिर घाट से मुख्य सड़क तक रास्ते का निर्माण जल्द पूरा करने को कहा।

उत्तर प्रदेश/ लखनऊ: लखनऊ में छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कुड़िया घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई, रोशनी और आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि नगर निगम की टीमें घाटों की साफ-सफाई, सुंदर चित्रकारी और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटी हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

शिव मंदिर घाट से मुख्य सड़क तक बनेगा रास्ता

Chhath Puja Preparation in Lucknow
Chhath Puja Preparation in Lucknow

मंत्री ने निरीक्षण के दौरान शिव मंदिर घाट से मुख्य सड़क तक बनाए जा रहे रास्ते का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मार्ग ऐसा बनाया जाए, जिससे छठ पूजा के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में आसानी हो। इसके साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुगमता का विशेष ध्यान रखने को कहा।

सुरक्षा और जनसुविधाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुगम आवागमन और सुरक्षा के बेहतर इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और पर्व शुरू होने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार सहित नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: लखनऊ: एक साल के मासूम के गुर्दे से निकाला 1.2 किलो का ट्यूमर, बलरामपुर अस्पताल के डॉक्टरों ने दी नई जिंदगी

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।