सिंधिया और जापानी राजदूत की मुलाकात, दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर हुई चर्चा

Summary :

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को नई दिल्ली में भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्‍ट कर लिखा, “भारत में जापान के राजदूत से मिलकर खुशी हुई। हमने भारत-जापान रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के विभिन्न तरीकों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।” इससे पहले 22 सितंबर को जापान में भारत की राजदूत नगमा मलिक और जापान के संसदीय उप विदेश…

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को नई दिल्ली में भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा हुई।

बैठक के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्‍ट कर लिखा, “भारत में जापान के राजदूत से मिलकर खुशी हुई। हमने भारत-जापान रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के विभिन्न तरीकों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।”

इससे पहले 22 सितंबर को जापान में भारत की राजदूत नगमा मलिक और जापान के संसदीय उप विदेश मंत्री काजुहिरो फुजी ने सानो सिटी में आयोजित भारत-जापान अंतरराष्ट्रीय मैत्री क्रिकेट मैच के दौरान मुलाकात की थी। इस बैठक में दोनों पक्षों ने आपसी संबंधों को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई थी।

जापान स्थित भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा था कि राजदूत मलिक ने काजुहिरो फुजी को उनके नए पद की बधाई दी। साथ ही, भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दोनों ने रिश्तों को और मजबूत बनाने के लिए साथ काम करने का संकल्प लिया।

भारत और जापान के बीच 2014 से ‘विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी’ है। दोनों देशों की दोस्ती का इतिहास काफी पुराना है, जो सांस्कृतिक, सभ्यतागत और आध्यात्मिक जुड़ाव पर आधारित रहा है।

जुलाई में जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची भारत की आधिकारिक यात्रा पर आई थीं। नई दिल्ली में आयोजित 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई थी। इस बैठक में दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, आर्थिक सुरक्षा, ऊर्जा, नई तकनीक, रक्षा सहयोग और लोगों के बीच संपर्क जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा की थी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार साझा किए, जो दोनों देशों के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।

वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री तकाइची की मौजूदगी में कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों और समझौतों का आदान-प्रदान हुआ। इनमें आर्थिक सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, महत्वपूर्ण तकनीकों तथा अनुसंधान और विकास (आरएंडडी) से जुड़े सहयोग शामिल थे।

भारत और जापान के बीच बढ़ता सहयोग एशिया-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता, आर्थिक विकास और तकनीकी साझेदारी को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.