बालेंद्र शाह की यात्रा के दौरान भारत-नेपाल संबंधों के सभी पहलुओं पर होगी चर्चा : विदेश मंत्रालय

Summary :

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली में आयोजित नियमित मीडिया ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय (एमईए) ने मंगलवार को कहा क‍ि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की प्रस्तावित यात्रा के दौरान भारत और नेपाल के बीच संबंधों के सभी अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। दोनों देश फिलहाल इस यात्रा की तैयारियों और अन्य जरूरी बातों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हमने नेपाल के प्रधानमंत्री को भारत आने का निमंत्रण दिया है। यात्रा को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है। भारत और नेपाल के बीच जो व्यापक और…

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली में आयोजित नियमित मीडिया ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय (एमईए) ने मंगलवार को कहा क‍ि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की प्रस्तावित यात्रा के दौरान भारत और नेपाल के बीच संबंधों के सभी अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। दोनों देश फिलहाल इस यात्रा की तैयारियों और अन्य जरूरी बातों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हमने नेपाल के प्रधानमंत्री को भारत आने का निमंत्रण दिया है। यात्रा को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है। भारत और नेपाल के बीच जो व्यापक और खास साझेदारी है, उससे जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा होगी। दोनों देशों के साझा हितों से जुड़े हर विषय पर बात की जाएगी।”

भारत-नेपाल संबंधों को ‘बेहद खास साझेदारी’ बताते हुए जायसवाल ने कहा कि यात्रा की रूपरेखा और अन्य विवरणों पर अभी भी काम जारी है। दोनों देशों के रिश्ते बहुत महत्वपूर्ण हैं। हम कई मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं, ताकि नेपाल के साथ अपनी साझेदारी को मजबूत और गहरा बनाया जा सके।

पिछले सप्ताह विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने काठमांडू में नेपाल के प्रधानमंत्री शाह से मुलाकात की थी। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के मुताबिक, इस बैठक में भारत-नेपाल संबंधों के विभिन्न पहलुओं और आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई।

नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, “विदेश सचिव मिस्री ने प्रधानमंत्री को उनकी आगामी भारत यात्रा की तैयारियों और ऊर्जा, जल संसाधन, व्यापार, पारगमन तथा विमानन क्षेत्रों में हो रहे द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा का ट्रायल रन सफलतापूर्वक किया गया।”

बैठक के दौरान विदेश सचिव मिस्री ने प्रधानमंत्री मोदी की शुभकामनाएं भी पहुंचाईं और नेपाल के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा से जुड़े संभावित परिणामों और नई पहलों पर चर्चा की।

बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री शाह ने रसुवा-भोटेकोशी क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद भारत सरकार द्वारा तुरंत दी गई मदद, राहत सामग्री और बचाव दलों के लिए आभार जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की ओर से व्यक्त एकजुटता की भी सराहना की और खेल विकास के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं के बारे में जानकारी ली।

भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से घनिष्ठ संबंध रहे हैं। दोनों देश ऊर्जा, व्यापार, कनेक्टिविटी, जल संसाधन और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए लगातार मिलकर काम कर रहे हैं। आगामी यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

–आईएएनएस

एवाई/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.