Toyota Glanza Facelift: फेस्टिव सीजन में कार खरीदने का प्लान कर रहे लोगों के लिए टोयोटा ने अपनी हैचबैक कार Glanza का नया फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च किया है। कंपनी ने इस कार की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 6.99 लाख रुपये रखी है, जबकि इसके टॉप वेरिएंट की कीमत 10.49 लाख रुपये तक जाती है। नई Glanza में डिजाइन से लेकर इंजन और सेफ्टी फीचर्स तक कई बदलाव किए गए हैं। खास बात यह है कि अब इस कार में पहली बार ADAS टेक्नॉलजी भी दी गई है।
इसके साथ ही कंपनी ने नई Toyota Glanza को 5 वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। इनमें E, S, G, V और V (O) शामिल हैं। कस्टमर अपनी पसंद के हिसाब से इन वेरिएंट में से चुन सकते हैं । कार को कुल 7 कलर में उपलब्ध कराया गया है। इनमें दो नए रंग ब्लूइश ब्लैक और डिजिटल टील भी शामिल हैं।
बाहरी डिजाइन में क्या बदला?
- नई Glanza के फ्रंट लुक को पहले से अलग बनाने की कोशिश की गई है।
- इसमें नया फ्रंट डिजाइन, अपडेटेड ग्रिल और नए डिजाइन के अलॉय व्हील दिए गए हैं।
- कार के सामने लगे टोयोटा लोगो की जगह भी बदली गई है। अब यह बोनट के नीचे प्लास्टिक ट्रिम पर नजर आता है।
- इसके अलावा, कार में नया शार्क-फिन एंटीना और नए डिजाइन के LED फॉग लैंप दिए गए हैं।
- लेकिन, हेडलाइट्स के डिजाइन में बदलाव नहीं किया गया है।
- साइड प्रोफाइल में 16-इंच के अलॉय व्हील, क्रोम डोर हैंडल और खिड़कियों के चारों ओर क्रोम फिनिश मिलती है।
- पीछे की तरफ रैपअराउंड LED टेललाइट्स, रूफ स्पॉइलर और रियर वाइपर के साथ वॉशर दिया गया है।
नया इंजन और पेट्रोल-CNG का ऑप्शन
नई Toyota Glanza में Z12E 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन दिया गया है। पेट्रोल पर चलने वाला यह इंजन 83hp की पावर और 112Nm का टॉर्क पैदा करता है। इसके साथ 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है।
पुराने मॉडल में 4-सिलेंडर इंजन दिया जाता था। नए इंजन की पावर पहले के मुकाबले 7hp कम है, जबकि टॉर्क में 1Nm की कमी आई है। हालांकि, कंपनी ने नए मॉडल में माइलेज को थोड़ा बेहतर बनाने पर ध्यान दिया है। इसमें आइडल स्टार्ट-स्टॉप फीचर भी मिलता है, जो गाड़ी के कुछ समय तक खड़े रहने पर इंजन बंद करके ईंधन बचाने में मदद करता है।
CNG वेरिएंट में इंजन 70hp की पावर और 102Nm का टॉर्क देता है। इसमें भी 5-स्पीड मैनुअल और AMT गियरबॉक्स के विकल्प दिए गए हैं। ऑटोमैटिक वेरिएंट में इंटेलिजेंट गियर शिफ्ट (IGS) सिस्टम भी शामिल है।
केबिन में मिलेंगे कई मॉडर्न फीचर्स
- कार के इंटीरियर में लेदरेट सीटें, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें और वायरलेस फोन चार्जर जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
- वायरलेस चार्जर के नीचे कूलिंग वेंट भी मिलता है, जो चार्जिंग के दौरान फोन को ठंडा रखने में मदद कर सकता है।
- इसके अलावा, कार में 9-इंच की टचस्क्रीन, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, 360-डिग्री कैमरा और हेड-अप डिस्प्ले (HUD) दिया गया है।
- इसमें Toyota i-Connect और Clarion का 4-स्पीकर व 2-ट्वीटर वाला साउंड सिस्टम भी मिलता है।
- पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए AC वेंट्स की सुविधा दी गई है।
सेफ्टी के लिए 6 एयरबैग और ADAS
- नई Glanza के सभी वेरिएंट में 6 एयरबैग स्टैंडर्ड दिए गए हैं। इसके अलावा, ABS के साथ EBD, व्हीकल स्टेबिलिटी कंट्रोल (VSC), टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) और इमरजेंसी स्टॉप सिग्नल जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
- कार के टॉप V (O) वेरिएंट में लेवल-2 ADAS दिया गया है। इस सिस्टम में अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन कीप असिस्ट और हाई-बीम असिस्ट जैसे फीचर्स शामिल हैं।
- ये टेक्नॉलजी ड्राइविंग के दौरान ड्राइवर को एक्स्ट्रा मदद देने और सुरक्षा बढ़ाने में मदद करती है।
- कुल मिलाकर, नई Toyota Glanza में अपडेटेड डिजाइन, पेट्रोल और CNG इंजन के ऑप्शन, मॉडर्न केबिन सुविधाओं और बेहतर ड्राइवर असिस्टेंस टेक्नॉलजी पर ध्यान दिया गया है।
- इसकी कीमत 6.99 लाख रुपये से शुरू होती है, जिससे यह त्योहारी सीजन में हैचबैक खरीदने वालों के लिए एक ऑप्शन बन सकती है।


Download Android App
Download iOS App




