Aaj ka Mausam 11 Jan: देशभर में मौसम का मिज़ाज बदलते हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन विकसित होने से तमिलनाडु में आंधी के साथ भारी बारिश एवं कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र व मराठवाड़ा में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ों पर बर्फ़बारी बढ़ने की आशंका है, जिससे मैदानी इलाकों में गलन और बढ़ेगी। IMD का कहना है कि 11 से 15 जनवरी तक हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में दिनभर शीतलहर चलने और घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट है, जिससे कोल्ड डे जैसे हालात रहेंगे। आइए जानते आपके शहर के मौसम का हाल।
Delhi Weather

दिल्ली में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड ने पुराने रिकॉर्ड भी तोड़ दिए हैं। तेज हवाओं की वजह से ठिठुरन और ज्यादा बढ़ गई है। आज दिल्ली में मौसम ज्यादातर साफ रहने की उम्मीद है। कुछ इलाकों में शीतलहर चल सकती है। सुबह के समय कई जगह हल्का कोहरा रहेगा, जबकि कुछ इलाकों में घना कोहरा भी छा सकता है।
राजधानी में आज अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अगर वायु गुणवत्ता की बात करें, तो दिल्ली की हवा बहुत खराब हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली का औसत AQI 375 दर्ज किया गया है। कई इलाकों में हवा की हालत इमरजेंसी स्तर तक पहुंच गई है।
Uttar Pradesh Weather

उत्तर प्रदेश भीषण शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में है। ज्यादातर इलाकों में दिनभर ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने 11 से 13 जनवरी तक करीब 30 जिलों में घने से अति घने कोहरे की चेतावनी दी है। पश्चिमी यूपी में रविवार और सोमवार को बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान करीब 4 डिग्री सेल्सियस रह सकता है और दिनभर शीतलहर चलेगी।
Bihar Weather

बिहार में बर्फीली हवाओं ने कंपकंपी बढ़ा दी है। राज्य का अधिकतर भाग घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में है। खासकर, राजधानी पटना, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, मधुबनी, गोपालगंज, सिवान, वैशाली, शिवहर, सारण और समस्तीपुर में दिन भर शीतलहर चलने से कोल्ड डे की स्थिति रहेगी, जिससे कड़ाके की सर्दी का एहसास होगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान पटना सहित सभी भागों में घने कोहरे का प्रभाव बना रहेगा।
Jammu Kashmir Weather

जम्मू-कश्मीर में भारी ठंड पड़ रही है और कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। श्रीनगर में तापमान माइनस 6, पहलगाम में माइनस 8 और गुलमर्ग में माइनस 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जम्मू और कटरा में भी कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है। ठंड की वजह से डल झील पर बर्फ की परत जमने लगी है।
Aaj ka Mausam 11 Jan: इन 11 शहरों में आज कितना रहेगा तापमान?
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| दिल्ली | 15°C | 06°C |
| मुंबई | 29°C | 23°C |
| जयपुर | 18°C | 07°C |
| कोलकाता | 22°C | 13°C |
| चेन्नई | 26°C | 24°C |
| लखनऊ | 17°C | 08°C |
| पटना | 16°C | 10°C |
| भोपाल | 23°C | 09°C |
| रांची | 21°C | 08°C |
| शिमला | 14°C | 02°C |
| नैनीताल | 14°C | 04°C |
यह भी पढ़ें: Delhi में कड़ाके की ठंड, पहाड़ों पर बर्फबारी, UP-Bihar में कंपकंपाने वाली सर्दी; जानें आज का मौसम अपडेट





















