बिहार में आज सुबह-सुबह छापेमार कार्रवाई हो रही है। इस कार्रवाई से प्रशासनिक विभाग में हलचल मच गई। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (BBOSE) के डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। EOU की टीम ने आय से अधिक संपत्ति मामले में उनके 3 ठिकानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। यह कार्रवाई पटना और बेगूसराय में हो रही है। टीम डाक्यूमेंट्स और संपत्ति से जुड़े कागजात की जांच-पड़ताल कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अजय कुमार सिंह के खिलाफ EOU थाने में मामला दर्ज किया गया था। जांच में आय के ज्ञात स्रोतों से कहीं ज्यादा संपत्ति के सबूत मिले हैं, जिनकी कीमत लगभग ₹3,34,78,300 है। बताया जा रहा है कि यह रकम उनकी ज्ञात आय से लगभग 90.04 प्रतिशत अधिक है। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) और 13(1)(b) के तहत केस दर्ज किया गया है।
इन 3 ठिकानों पर हो रही छापेमार कार्रवाई

बता दें कि पटना में चंद्रतारा भवन, बीबी कॉवेज, आकाशवाणी रोड, खाजपुरा स्थित आवास और BBOSE कार्यालय, मीठापुर में आज सुबह-सुबह EOU की टीम छापेमार कार्रवाई कर रही है। इसके साथ-साथ बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के परोर गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर भी कार्रवाई हो रही है। अधिकारियों ने बताया है कि, टीम बेसमेंट और पार्किंग की भी विशेष तौर पर तलाशी कर रही है।
जांच पूरी होने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
बताया जा रहा है कि पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी के दौरान संपत्ति से जुड़े डाक्यूमेंट्स और अन्य सामान की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने इस घटना को लेकर बताया है कि फिलहाल जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी और कुछ कहा जाएगा।



Download Android App
Download iOS App




