बिहार विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच तीखी बहस हुई। राबड़ी देवी ने सरकार पर काम नहीं करने का आरोप लगाया, जिस पर नीतीश कुमार भड़क गए और कहा कि राबड़ी कुछ नहीं जानतीं।
बिहार में चुनावी साल के चलते राजनीति गरमा गई है। बुधवार यानी आज बिहार विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच तीखी बहस देखने को मिली। बहस के दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर आरोप लगाए। नीतीश कुमार के बयान से नाराज राबड़ी देवी और राजद (RJD) के अन्य सदस्य विरोध जताते हुए सदन से बाहर निकल गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
आप कुछ नहीं जानती- नीतीश कुमार
बिहार विधान परिषद में राबड़ी देवी ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “बिहार में कुछ भी काम नहीं हुआ।” उनके इस बयान पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भड़क गए और उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि राजद के शासनकाल में कोई विकास कार्य नहीं हुआ था। नीतीश कुमार ने कहा, “जब इनके पति को हटाया गया, तो इन्हें मुख्यमंत्री बना दिया गया। इनके राज में कोई भी व्यक्ति पांचवीं कक्षा से अधिक नहीं पढ़ सका। हमने महिलाओं के लिए 50% आरक्षण दिया, जिससे वे आज आगे बढ़ रही हैं।”
नीतीश ने आगे कहा, “राबड़ी देवी कुछ भी नहीं जानती हैं। हमने 2005 में सत्ता में आने के बाद कई विकास कार्य किए। अगर कोई चाहता है, तो सभी कामों को छपवाकर देख सकता है। राजद के शासन में कुछ भी नहीं हुआ, ये लोग बस अनाप-शनाप बातें करते हैं।”
विपक्ष ने लगाया महिलाओं के अपमान का आरोप
राबड़ी देवी और राजद की महिला एमएलसी ने नीतीश कुमार पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा महिलाओं के खिलाफ टिप्पणी करते हैं। इसके बाद RJD सहित पूरे विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया। राबड़ी देवी और उनके समर्थकों ने सदन के बाहर हाथों में पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सरकार विकास कार्यों के झूठे दावे कर रही है और जनता को गुमराह कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



