बिहार में जयनगर से पटना के बीच पहली नमो भारत रैपिड रेल का शुभारंभ 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। यह ट्रेन समस्तीपुर, दरभंगा, सकरी, मधुबनी, बरौनी, मोकामा और बख्तियारपुर होते हुए चलेगी। इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी और यह 160 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी। इसके साथ ही सहरसा-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस और दो नई सवारी ट्रेनें भी शुरू होंगी।
बिहार में रेल यात्रा को नई रफ्तार देने के लिए जयनगर से पटना के बीच राज्य की पहली नमो भारत रैपिड रेल (वंदे मेट्रो) का उद्घाटन आगामी 24 अप्रैल को होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मधुबनी के झंझारपुर में आयोजित एक समारोह में इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अत्याधुनिक ट्रेन के साथ-साथ सहरसा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस और सहरसा-अलौली तथा बिथान-समस्तीपुर के बीच दो नई सवारी ट्रेनों का भी शुभारंभ होगा। रेलवे प्रशासन ने इन सेवाओं के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और आधिकारिक समय-सारणी जारी कर दी है।
Bihar: JDU प्रवक्ता राजीव रंजन का दावा, NDA को मिलेंगे 60% वोट
समस्तीपुर रेल मंडल के डिवीजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम) विनय श्रीवास्तव ने बताया कि नमो भारत रैपिड रेल जयनगर से पटना के बीच समस्तीपुर, दरभंगा, सकरी, मधुबनी, बरौनी, मोकामा और बख्तियारपुर होते हुए चलेगी। यह ट्रेन 24 अप्रैल को जयनगर से सुबह 11:40 बजे रवाना होगी और मधुबनी (12:25 बजे), सकरी (12:55 बजे), दरभंगा (13:40 बजे), समस्तीपुर (15:00 बजे), बरौनी (16:15 बजे), मोकामा (17:15 बजे) होते हुए पटना शाम 18:30 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी और मात्र 4 घंटे 50 मिनट में यह दूरी तय करेगी, जो मौजूदा 6-7 घंटों की तुलना में काफी कम है।
डीआरएम ने बताया कि यह 16 कोच वाली पूरी तरह वातानुकूलित ट्रेन होगी, जिसमें मेट्रो जैसे आधुनिक कोच होंगे। इसमें कवच सुरक्षा प्रणाली, सीसीटीवी, स्वचालित दरवाजे, हाई-स्पीड वाई-फाई, यूएसबी चार्जिंग पॉइंट, वैक्यूम टॉयलेट और एर्गोनॉमिक सीटें जैसी सुविधाएं होंगी। यह ट्रेन 160 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने में सक्षम है और 2,000 से अधिक यात्रियों को ले जा सकती है। इसी दिन सहरसा से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस का भी परिचालन शुरू होगा। यह गैर-वातानुकूलित ट्रेन सहरसा से सुबह 11:40 बजे रवाना होगी और समस्तीपुर (15:00 बजे), मुजफ्फरपुर, पटना, दानापुर होते हुए अगले दिन रात 23:30 बजे मुंबई पहुंचेगी। ट्रेन में 11 सामान्य कोच, आठ स्लीपर कोच, दो दिव्यांग कोच, लगेज वैन और गार्ड वैन होंगे। यह ट्रेन बिहार के प्रवासी श्रमिकों, छात्रों और पेशेवरों के लिए सुविधाजनक होगी।
साथ ही, सहरसा-अलौली और बिथान-समस्तीपुर के बीच दो नई सवारी ट्रेनें शुरू होंगी। सहरसा-अलौली ट्रेन अलौली से सुबह 11:40 बजे रवाना होकर दोपहर 14:10 बजे सहरसा पहुंचेगी। वहीं, बिथान-समस्तीपुर ट्रेन बिथान से सुबह 11:40 बजे रवाना होगी और हसनपुर, रुसेरा घाट, नरहन, अंगार घाट, भगवानपुर, देसुआ होते हुए दोपहर 13:50 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी। ट्रेन सेवाओं की घोषणा से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है। डीआरएम श्रीवास्तव ने कहा कि ये नई ट्रेनें बिहार के उत्तरी क्षेत्र में कनेक्टिविटी, रोजगार, शिक्षा और व्यापार के अवसरों को बढ़ाएंगी। नमो भारत रैपिड रेल को बिहार के रेल बुनियादी ढांचे में एक मील का पत्थर माना जा रहा है, जो मिथिलांचल को पटना से जोड़कर क्षेत्र के विकास को गति देगा।


Download Android App
Download iOS App



