Jamui Train Accident: बिहार के जमुई जिले में शनिवार देर रात हावड़ा-किऊल रेलखंड पर स्थित सिमुलतला स्टेशन के पास एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके कारण अन्य ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
3 डिब्बे नदी में जा गिरे
जानकारी के मुताबिक, सिमुलतला स्टेशन के पास मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में मालगाड़ी के करीब 3 डिब्बे पुल से नीचे नदी में जा गिरे। इसकी वजह से रात्रि से अप और डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया है। कई एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किए गए हैं। रात में गुजरने वाली करीब दो दर्जन एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन बाधित होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
Train Accident: इंजन करीब 400 मीटर आगे जाकर रुका

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बताया गया कि सीमेंट से लदी मालगाड़ी अप लाइन पर जसीडीह से झाझा की ओर जा रही थी और अचानक टेलवा बाजार हाल्ट के पास पुल संख्या 676 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद सभी डिब्बे पुल के पास ही रह गए और इंजन करीब 400 मीटर आगे टेलवा बाजार हाल्ट के पास जाकर रुका। इसके बाद, गाड़ी के चालक और गार्ड ने तत्काल इसकी सूचना सिमुलतला स्टेशन को दी।
Bihar News: आठ डब्बे पटरी से उतरे

रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, आसनसोल मंडल (पूर्व रेलवे) के लाहाबन-सिमुलतला स्टेशनों के मध्य किलोमीटर 344/05 के पास शनिवार की देर रात एक मालगाड़ी के आठ डब्बे पटरी से उतर गए। इस कारण इस रेलखंड के अप एवं डाउन दोनों लाइनों पर रेल परिचालन बाधित हो गए हैं। सूचना मिलते ही आसनसोल, मधुपुर एवं झाझा से एआरटी घटना स्थल के लिए रवाना हो गए थे एवं परिचालन पुनर्बहाल करने हेतु युद्धस्तर पर कार्य जारी है।
माना जा रहा है कि जल्द ही इस मार्ग पर आवागमन बहाल होने की संभावना है। बताया गया कि इस रेल खंड पर चलने वाली ट्रेनों को विभिन्न मार्गों से चलाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: बिहार में ठंड का कहर, पटना के 8वीं तक के सभी स्कूल 30 दिसंबर तक बंद


Download Android App
Download iOS App




