मधेपुरा में पुलिस का अंडरकवर ऑपरेशन, देह व्यापार गिरोह का किया खुलासा, 11 लोग गिरफ्तार

Madhepura Prostitution Racket Bust

Madhepura Prostitution Racket Bust : बिहार के मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंडरकवर ऑपरेशन चलाकर कथित देह व्यापार से जुड़े एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।

कार्रवाई के दौरान कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 8 युवतियां और 3 युवक शामिल हैं। पुलिस को लंबे समय से इलाके में अवैध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं।

निगरानी के बाद बनाई गई विशेष टीम

पुलिस के अनुसार, गौरीपुर पंचायत के सिंहेश्वर–बिरैली रोड नंबर 18 के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। इसके बाद ‘नया सवेरा’ अभियान के तहत एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पहले इलाके की गुप्त रूप से निगरानी की और पर्याप्त जानकारी जुटाने के बाद कार्रवाई की योजना बनाई।

इस ऑपरेशन की खास बात यह रही कि पुलिसकर्मी ग्राहक बनकर मौके पर पहुंचे। जब अंदर चल रही गतिविधियों की पुष्टि हो गई, तो टीम ने संकेत दिया और बाहर मौजूद पुलिस बल ने तुरंत छापेमारी शुरू कर दी।

भागने की कोशिश भी नाकाम

छापेमारी होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग खेतों की ओर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने पहले से ही इलाके की घेराबंदी कर रखी थी। तेज कार्रवाई करते हुए सभी संदिग्धों को मौके से ही पकड़ लिया गया।

पुलिस ने छापेमारी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री के साथ एक पल्सर एनएस बाइक भी जब्त की है। अधिकारियों का मानना है कि यह मामला किसी संगठित गिरोह से जुड़ा हो सकता है।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई

इस पूरे ऑपरेशन में एएसपी प्रवेंद्र भारती, डीएसपी मनोज मोहन सहित कई पुलिस अधिकारी और एसटीएफ की टीम मौजूद रही। इसके अलावा कार्रवाई को प्रभावी ढंग से अंजाम देने के लिए एक एनजीओ का भी सहयोग लिया

एएसपी प्रवेंद्र भारती ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

यह भी पढ़ेंबिहार के शिवहर में हैरान करने वाला मामला, दरोगा के टूटे पैर पर प्लास्टर की जगह बांधा गया गत्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।