पटना में NMCH के मेडिसिन वार्ड का हुआ विस्तार, 100 बेड जोड़े गए

Summary :

पटना में मेडिसिन वार्ड का विस्तार, अब 228 बेड उपलब्ध

एनएमसीएच में 100 बेड वाला नया मेडिसिन वार्ड शुरू किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इससे जलजमाव की समस्या कम होगी और बेड की कुल संख्या 228 हो जाएगी। अस्पताल में सुविधाएं बढ़ रही हैं, जैसे ऑक्सीजन पाइपलाइन और दवाइयों की उपलब्धता। स्वास्थ्य क्षेत्र में राज्य में लगातार सुधार हो रहे हैं।

पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनएमसीएच) के मेडिसिन विभाग में 750 लाख की लागत से नवनिर्मित 100 बेड वाले वार्ड का उद्घाटन बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय एवं विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने किया।

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने अपने संबोधन में सबसे पहले सीमा पर तैनात भारतीय सैनिकों को नमन किया और हाल ही में शहीद हुए बिहार के चार वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आज पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सैनिकों का मान व सम्मान बढ़ा है। देश को वीर सैनिकों पर गर्व है।

मंत्री पांडेय ने कहा कि 100 बेड वाला मेडिसिन वार्ड ऊपरी मंजिल पर बनाया गया है, जिससे बारिश के मौसम में जलजमाव की समस्या से निजात मिलेगी। वर्तमान में जनरल मेडिसिन विभाग में बेडों की संख्या 128 है। अब अतिरिक्त 100 के साथ कुल मिलाकर बेडों की संख्या 228 हो जाएगी। भविष्य में यहां 400 और बेड जोड़े जाने की योजना है। वर्तमान में एनएमसीएच में कुल 1189 बेड हो चुके हैं, जो पहले मात्र 650 थे।

उन्होंने कहा कि अस्पताल की सुविधाएं लगातार बढ़ रही हैं। हर बेड पर अब ऑक्सीजन पाइपलाइन की व्यवस्था है, दवा की उपलब्धता है। उन्होंने कहा कि एनएमसीएच में भी अब 496 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध हैं। 2005 से पहले स्वास्थ्य के क्षेत्र में बिहार की स्थिति काफी दयनीय थी। पिछले 20 वर्षों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में अप्रत्याशित कार्य किए गए हैं, जिससे अब आमजन को सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि 28.34 करोड़ रुपये की लागत से टीवीडीसी (यक्ष्मा प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र) का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जो 15 अगस्त 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा 204.44 करोड़ रुपये की लागत से कदमकुआं में टीबी चिकित्सा महाविद्यालय का भी निर्माण कार्य प्रारंभ हो रहा है। पिछले 10 वर्षों में एनएमसीएच में सैकड़ों करोड़ की परियोजनाएं पूर्ण की गई हैं।

उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य के अधिकांश जिलों के पंचायतों में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर द्वारा स्वास्थ्य सेवा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इस दौरान नंदकिशोर यादव के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से पटना साहिब क्षेत्र में निरंतर विकास हो रहा है।

इधर, पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि शुरू से हमलोग कह रहे हैं कि सेवाओं का विस्तार होगा और हो रहा है। बेडों की संख्या बढ़ाई गई है तो यह विस्तार ही है। मुख्यमंत्री का यह निर्देश है कि सभी मेडिकल कॉलेजों में जो आवश्यकता है, उसे सुनिश्चित किया जाए।

पटना की सड़कों पर दौड़ेंगी गुलाबी बसें, महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.