निशांत कुमार ने किया साफ, नीतीश कुमार ही होंगे बिहार के CM चेहरा

Summary :

नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA की सरकार बनाने की अपील

निशांत कुमार ने स्पष्ट किया है कि अगले विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार ही एनडीए के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। उन्होंने बिहारवासियों से नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाने की अपील की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी इस बात की पुष्टि की है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के राजनीति में आने को लेकर पिछले कई महीनों से चर्चा का बाजार गर्म रहा है। इस पर निशांत कुमार ने अभी भी पत्ते नहीं खोले हैं, हालांकि उन्होंने अपने पिता को लेकर जरूर कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में वही एनडीए के सीएम फेस होंगे। निशांत कुमार ने मंगलवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि बिहार में सीएम चेहरा नीतीश कुमार हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी इस बात को माना है।

Bihar: RJD विधायक रीतलाल यादव के घर छापेमारी में 10.5 लाख नकद, 77.5 लाख के ब्लैंक चेक बरामद

उन्होंने बिहार के लोगों से नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनाने की अपील की। निशांत कुमार ने कहा, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बिहार आए थे और उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी कहा कि 15 साल हमारे साथ रहे और उन्हीं के फेस पर चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। राजनीति में उनकी एंट्री के बारे में पूछे गए सवाल को निशांत कुमार हंसकर टाल गए। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लेकर दो टूक कहा कि वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं और 100 प्रतिशत ठीक हैं। बिहार की जनता देख रही है, जनता मालिक है, वह फैसला लेगी।

उन्होंने बिहार की जनता से अनुरोध करते हुए कहा कि 2010 में जो बहुमत दिया था, इस बार उससे भी ज्यादा दें। उल्लेखनीय है कि पिछले कई महीने से निशांत कुमार के राजनीति में आने को लेकर चर्चा होती रही है। इसे लेकर जदयू कार्यकर्ताओं ने कई मौकों पर पार्टी कार्यालय के सामने पोस्टर और बैनर लगाए हैं। जदयू के कई कार्यकर्ताओं ने तो यहां तक दावा किया था कि होली के बाद निशांत राजनीति में आएंगे। हालांकि, अब तक इसे लेकर पिता-पुत्र ने कोई बयान नहीं दिया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.