Nitish Kumar Delhi Visit News: आने वाले दिन बिहार के लिए बहुत ज़्यादा महत्वपूर्ण हैं। इस दौरान, राज्य में एक नए मुख्यमंत्री का आगमन होने वाला है, और साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विदाई और उससे जुड़ा खालीपन का एहसास भी कहीं-न-कहीं जनता के अंदर देखने को मिलेगा। इसी बीच में, आज गुरुवार को एक बड़ी खबर सामने आई है। नीतीश कुमार आज दिल्ली दौरे पर हैं। खबरों के मुताबिक, नीतीश 10 अप्रैल को राज्यसभा की सीट के लिए शपथ लेने वाले हैं; इसके बाद, बिहार लौटते ही, 14 अप्रैल को उनके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की उम्मीद है। इन अटकलों के बीच, आज बिहार की सत्ता के गलियारों में राजनीतिक हलचल तेज़ हो गई है।
नीतीश कुमार के कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल
खबर है कि नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य के तौर पर शुक्रवार (10 अप्रैल) को शपथ लेंगे. इसके बाद वो शनिवार (11 अप्रैल) को पटना लौट सकते हैं। खबर यह भी है कि आगामी 13 अप्रैल को नीतीश मंत्रालय की अंतिम बैठक होने की उम्मीद है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नीतीश कुमार मंगलवार (14 अप्रैल) को मुख्यमंत्री पद छोड़ सकते हैं. इसी दिन वह राज्यपाल को अपना इस्तीफा दे सकते हैं। जनता दल (यूनाइटेड) के प्रमुख नीतीश कुमार शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। बिहार सरकार में मंत्री और मुख्यमंत्री के करीबी सहयोगी विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
NDA विधानमंडल दल की बैठक तय
बता दें कि मुख्यमंत्री पद से नीतीश के इस्तीफे के बाद आधिकारिक तौर पर नई सरकार बनाने की प्रक्रिया तेज हो जाएगी. NDA विधानमंडल दल की बैठक मंगलवार (14 अप्रैल) को हो सकती है, जिस बैठक में नेता चुना जाएगा. संभावना है कि अगले दिन बुधवार (15 अप्रैल) को नई सरकार के तौर पर नए सीएम शपथ ले सकते हैं। इसी बीच, राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर सरगर्मी तेज़ हो गई है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री BJP से होगा, या फिर JDU अपनी पकड़ बनाए रखेगी।
ALSO READ: सीजफायर के बाद सोने के भाव में भारी उछाल, चांदी 2.60 लाख के पार, जानें अपने शहर का ताजा रेट























