पटना में सीएम नीतीश कुमार के पुत्र निशांत के राजनीति में आने को लेकर लगे पोस्टर

Summary :

बिहार में निशांत कुमार के राजनीति में आने की चर्चा तेज

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की चर्चा को लेकर राज्य की सियासत गर्म है। इसी बीच, अब जदयू कार्यालय के समीप निशांत कुमार के राजनीति में आने की मांग को लेकर पोस्टर लगाए गए हैं। बताया गया कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पोस्टर लगाकर निशांत से राजनीति में आने का आग्रह किया है।

जदयू कार्यालय के समीप लगाए गए पोस्टर में एक ओर जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर है, वहीं दूसरी तरफ निशांत कुमार की तस्वीर लगी है। बीच में लिखा है, ‘बिहार करे पुकार, आइए निशांत कुमार।’

जदयू के कार्यकर्ता अभय पटेल ने कहा कि बिहार की जनमानस कह रही है कि निशांत को राजनीति में आना चाहिए। निशांत कुमार सिर्फ नीतीश कुमार के बेटे नहीं हैं, बल्कि उनमें बिहार को नेतृत्व प्रदान करने की पूरी क्षमता है। बिहार और तेजी से तरक्की करेगा। हम लोग उनके साथ रहेंगे। यह जदयू की नहीं, पूरे बिहार के लोगों की मांग है और उसी जनभावना को लेकर पोस्टर लगाया गया है।

जदयू के कार्यकर्ता वरुण कुमार कहते हैं कि इस मांग की जरूरत समय की पुकार है। बिहार को नौवीं फेल चारा चोर का बेटा नहीं चाहिए, बल्कि एक पढ़ा-लिखा इंजीनियर नेता चाहिए, जो राज्य का नवनिर्माण कर सके।

उन्होंने कहा कि होली के पहले निशांत कुमार राजनीति में आने की घोषणा करें। जिस तरीके से नीतीश कुमार ने बिहार का विकास किया है, उसी गति से उनके पुत्र भी बिहार का विकास करेंगे।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के राजनीति में आने की चर्चा जोरों पर है। इसे लेकर बयानबाजियों का दौर जारी है।

शुक्रवार को दिल्ली में शादी समारोह से लौटने के बाद निशांत ने पत्रकारों के कई सवालों का जवाब दिया था, लेकिन राजनीति में आने से जुड़े सवालों पर चुप्पी साध ली थी।

दूसरी तरफ शनिवार को बिहार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के राजनीति में आने को लेकर कहा कि यह पार्टी नीतीश कुमार ने खड़ी की है। पार्टी में कुछ भी होगा तो उन्हीं की मर्जी से होगा। इसमें किसी दूसरे को दिमाग लगाने की जरूरत नहीं है, न ही सलाह देने की जरूरत है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.