प्रशांत किशोर ने बिहार बदलाव रैली की घोषणा करते हुए कहा कि बिहार में बदलाव की सख्त जरूरत है। उन्होंने नीतीश कुमार और लालू यादव पर निशाना साधा और कहा कि जनता अब नई राजनीति की मांग कर रही है। रैली 11 अप्रैल को गांधी मैदान, पटना में आयोजित की जाएगी।
बिहार में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शनिवार को वक्फ और राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि वक्फ को लेकर उनका विरोध किसी धर्म या समुदाय के खिलाफ नहीं है, बल्कि राजनीतिक प्रक्रिया के खिलाफ है, जो समाज के विभिन्न वर्गों से किए गए वादों और आश्वासनों के खिलाफ है। प्रशांत किशोर ने कहा कि देश के गठन के समय शीर्ष नेताओं ने समाज के हर वर्ग से जो वादा किया था, उसे तोड़ने की बजाय उसे मजबूत करना चाहिए था।
‘नीतीश कुमार ने मुस्लिमों को धोखा दिया’
जन सुराज के संस्थापक ने कहा कि बिहार में अगले छह महीने में चुनाव होने वाले हैं और इस दौरान जनता अपना फैसला लेगी। भाजपा नेताओं की विचारधारा साफ है, उन्हें जो करना है, वे कर रहे हैं। लेकिन, बिहार की जनता देख चुकी है कि किस तरह से नीतीश कुमार और उनकी सरकार ने मुस्लिम समुदाय के साथ विश्वासघात किया है। इससे पहले प्रशांत किशोर ने लालू यादव की भूमिका पर भी सवाल उठाए और कहा कि बिहार की जनता भी अब लालू परिवार के धोखेबाज रवैये को पहचान चुकी है।
‘बिहार में बदलाव की सख्त जरूरत’
उन्होंने कहा कि बिहार में बदलाव की सख्त जरूरत है। यह बदलाव अब सिर्फ राजनीतिक शब्दों तक सीमित नहीं रह सकता, बल्कि भ्रष्टाचार को खत्म करना, पलायन को रोकना और बच्चों की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना समय की मांग है। बिहार में तीन दशकों से सत्ता पर काबिज लालू, नीतीश और भाजपा की गठबंधन सरकारों से बदलाव की मांग लोगों के बीच जोर पकड़ रही है।
बिहार की बेहतरी की दिशा में काम करेगी पार्टी
पीके ने कहा कि बदलाव की इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 11 अप्रैल को गांधी मैदान में जन सुराज की ‘बिहार बदलाव रैली’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पूरे राज्य से लोग एकजुट होंगे। यह रैली उन लोगों के लिए एक मंच बनेगी जो मानते हैं कि बिहार को एक नई दिशा, एक ऐसी व्यवस्था की जरूरत है जो राज्य को अन्य विकसित राज्यों की तरह आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर सके। उन्होंने कहा कि इस रैली के लिए दोपहर 3 बजे गांधी मैदान में जुटने वाले लोग बिहार में एक नई राजनीति की शुरुआत करने के लिए तैयार हैं, जो बिहार की बेहतरी की दिशा में काम करेगी।
Bihar में सरकार बनने पर वक्फ संशोधन विधेयक को कुड़ेदान में फेंक देंगे: Tejasvi Yadav


Download Android App
Download iOS App



